नई दिल्ली :– आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी शासित एमसीडी पर साधा निशाना। उन्होंने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि भाजपा शासित नगर निगम ने अपने स्कूलों में मिड डे मील का राशन नहीं बांटा है।
साथ ही उन्होंने कहा कि पिछला पूरा साल निकल गया है , लेकिन एक किलो भी राशन नहीं बांटा गया है। एमसीडी के 700 स्कूलों के 3.50 लाख बच्चों को अभी तक राशन नहीं मिला है। भाजपा गरीब बच्चों को जवाब दे कि मिड डे मील का राशन क्यों नहीं बांटा गया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में बच्चों को हर रोज मिड डे मील दिया जाता है, यानी कि रोजाना पकाकर खाना दिया जाता है। जब से कोरोना चल रहा है तब से सभी स्कूल बंद हैं।
इस कारण दिल्ली सरकार ने पहल शुरू की उन बच्चों को मिड-डे मील के एवज में सूखा राशन बच्चों के माता-पिता को बुलाकर दिया जाए। दिल्ली सरकार के जितने भी स्कूल है उनमें पिछले साल भी सूखा राशन बच्चों को दिया गया था और इस साल भी दिया जा रहा है।
हैरानी की बात है कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने एक भी बच्चे को अब तक राशन नहीं बांटा है। बड़े शर्म की बात है कि करीब 700 स्कूलों में 3.50 लाख बच्चों को राशन नहीं मिल रहा है। उत्तरी दिल्ली नगर निगम को अब तक 2924 क्विंटल राशन बांटना था, जबकि अब तक 1 किलो राशन भी नहीं बांटा है।
उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में फरवरी में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया था कि राशन नहीं बांटा है। आप जल्द से जल्द बच्चों को राशन बाटें। तब भाजपा शासित एमसीडी की तरफ से कहा गया कि हम इस पर काम कर रहे हैं। अब पांच माह बाद दोबारा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। अभी तक एक भी बच्चे को इस साल का तो दूर पिछले साल का भी राशन नहीं बांटा गया है। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व इसका जवाब दे।