आप पार्टी नेता का बयान , भाजपा गुंडागर्दी पर उतर आई है, डाॅक्टरों को वेतन देने की बजाय कर रही प्रताड़ित

ROHIT SHARMA

Galgotias Ad

नई दिल्ली :– दिल्ली में एमसीडी अधीन अस्पतालों के डॉक्टरों को पूरा वेतन न मिलने पर आप पार्टी ने बीजेपी पर निशाना साधा ।आम आदमी पार्टी ने भाजपा शासित एमसीडी के अधीन हिंदू राव अस्पताल के चार वरिष्ठ डाॅक्टरों का तबादला करने पर कड़ी आपत्ति जताई है।

 

 

 

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक ने कहा कि अब भारतीय जनता पार्टी सैलरी की मांग कर रहे डॉक्टरों और नर्सों की आवाज दबाने के लिए गुंडागर्दी कर रही है। भाजपा शासित एमसीडी ने वेतन की मांग कर रहे डॉक्टरों और नर्सों की हड़ताल का समर्थन करने पर हिंदू राव अस्पताल के 4 वरिष्ठ डॉक्टरों का तबादला कर दिया है।

 

 

उन्होंने कहा कि भाजपा नेता डॉक्टरों व नर्सों को लगातार धमकी दे रहे हैं और उन पर हड़ताल वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। आम आदमी पार्टी इन वरिष्ठ डॉक्टरों के तबादले और भाजपा की इस गुंडागर्दी का कड़ा विरोध करती है।

 

 

 

पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक ने कहा कि यह बेहद ही दुख की बात है की भाजपा शासित एमसीडी के अधीन आने वाले तमाम विभागों के कर्मचारी पिछले कई महीनों से अपना वेतन न मिलने के कारण भुखमरी के कगार पर आ गए हैं, जिसको लेकर भाजपा शासित नगर निगम के अधीन आने वाले डॉक्टर भूख हड़ताल पर बैठे हैं।

 

 

 

यह डॉक्टर भूख हड़ताल पर इसलिए बैठे हैं, क्योंकि लगभग पिछले 5 से 6 महीने हो गए हैं और इन डॉक्टरों को इनकी मेहनत का पैसा, इनका वेतन भाजपा शासित नगर निगम ने नहीं दिया है।

 

 

 

उन्होंने कहा कि यह वही डॉक्टर और नर्स हैं, जिन्होंने कोरोना महामारी के इस काल में अपनी जान की परवाह न करते हुए लोगों की सेवा की, यह वही लोग हैं, जिन्हें भाजपा ने ही कोरोना वॉरियर्स कह कर सम्मानित किया था। परंतु उसी भाजपा शासित नगर निगम ने पिछले कई महीनों से इन डॉक्टर और नर्सों तथा अन्य मेडिकल स्टाफ का वेतन नहीं दिया है, जिसके कारण मजबूर होकर इन लोगों को भूख हड़ताल पर बैठना पड़ा।

 

 

 

यह डॉक्टर लगभग पिछले 10 से 12 दिनों से हड़ताल पर बैठे हैं, और कोई सुनवाई नही होने के कारण अब पिछले 2 दिनों से भूख हड़ताल भी शुरू कर दी है। इन लोगो ने कई बार मेयर साहब से मुलाकात की, कई बार भाजपा के नेताओं से मुलाकात की, परंतु इन लोगों को कहीं से कोई समाधान नहीं मिला।

 

 

 

भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए दुर्गेश पाठक ने कहा कि अब भारतीय जनता पार्टी पूरे तरीके से गुंडागर्दी पर उतर आई है। कल की घटना का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जो हिंदू राव अस्पताल के डॉक्टर अपने वेतन को लेकर भाजपा शासित नगर निगम की सरकार से मांग कर रहे थे, उनको भाजपा ने उनका वेतन देने की बजाय अब प्रताड़ित करना शुरू कर दिया है।

 

 

 

हिंदू राव अस्पताल के 4 सबसे वरिष्ठ डॉक्टरों का कल तबादला कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इन चारों डॉक्टरों की बस इतनी ही गलती थी कि जो डॉक्टर भूख हड़ताल पर बैठे हैं, ये उनका समर्थन करने गए थे। एक और चैंकाने वाली खबर मीडिया के साथ साझा करते हुए दुर्गेश पाठक ने बताया कि मैं लगातार डॉक्टरों के संपर्क में हूं और डॉक्टरों ने मुझे बताया है कि भारतीय जनता पार्टी के लोग डॉक्टरों को धमका रहे हैं कि यदि भूख हड़ताल खत्म नहीं की, तो इस बार उनका रेगुलराइजेशन नहीं किया जाएगा और उनकी नौकरी छीन ली जाएगी, ( ज्ञात रहे कि रेजिडेंट डॉक्टरों का हर 3 महीने, 6 महीने और 9 महीने पर रेगुलराइजेशन होता है)।

 

 

 

उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और हमारे देश में सभी को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का संवैधानिक अधिकार है। एक तरफ तो भाजपा डॉक्टरों का वेतन नहीं दे रही है और दूसरी तरफ यदि वह विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, भूख हड़ताल कर रहे हैं तो उनसे नौकरी छीनने की बात कही जा रही है, उनको धमकी दी जा रही है, यह बेहद ही दुखद और निराशाजनक है।

 

 

 

दुर्गेश पाठक ने कहा कि आम आदमी पार्टी पहले दिन से डॉक्टरों के साथ खड़ी है और जिस प्रकार का व्यवहार भारतीय जनता पार्टी इन डॉक्टरों के साथ कर रही है, हम उसकी घोर निंदा करते हैं और हम भारतीय जनता पार्टी से मांग करते हैं, कि जिन चार डॉक्टरों का तबादला किया गया है, उनका तबादला तुरंत प्रभाव से रद्द किया जाए और जो लोग अपने वेतन की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे हैं, उन तमाम लोगों का वेतन तुरंत प्रभाव से उनको दिया जाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.