NEW DELHI (07/01/2022): राजधानी दिल्ली में लगातार कड़ाके की ठंड पड़ रही है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कई दिनों तक बारिश के अनुमान जताए हैं। ऐसे में शीतलहर के बीच तापमान और नीचे गिर सकता है। मौसम विभाग की ओर से जारी अपडेट के मुताबिक दिल्ली में बारिश का सिलसिला आज भी जारी रह सकता है।
IMD ने साफ कहा है कि बारिश का यह सिलसिला रविवार तक या उससे आगे भी यानी 11 जनवरी तक जारी रह सकता है। राजधानी दिल्ली में बारिश को देखते शनिवार के लिए येलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। आपको बतादें कि मौसम विभाग ने कहा है कि बादलों की वजह से फिलहाल भले ही तापमान में बढ़त देखने को मिली हो, लेकिन बारिश का दौर खत्म होने के बाद तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। इससे शीतलहर और ठंड भी बढ़ेगी और वायु की गुणवत्ता भी फिर से बिगड़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार पहले अधिकतम तापमान 23 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान जताया गया था। वहीं, अब अधिकतम और न्यूनतम तापमान 21 और 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 21.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बीते दिन राजधानी दिल्ली में थोड़ी-बहुत धूप भी खिली है इससे ठिठुरन से हल्की राहत मिली थी। लेकिन आज फिर से दिल्ली बादल छाए हुए हैं और रात में हल्की बारिश होने के भी आसार हैं। सफर इंडिया के मुताबिक बारिश के लगातार जारी रहने और हवा की रफ्तार में भी सुधार होने से अगले दो तीन दिनों में वायु गुणवत्ता बेहतर दर्ज कि गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार दिल्ली में AQI 258 के साथ हवा की हालत में सुधार दर्ज किया गया है।