नई दिल्ली :– दिल्ली में आज फिर तकनीकी खराबी आने से मेट्रो सेवा बाधित हो गई , जिसके कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा | दरअसल आज सुबह करीब 9.30 बजे दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन में तकनीकी खराबी आने से मेट्रो सेवा बाधित रही , येलो लाइन दिल्ली के समयपुर बादली को गुरुग्राम के हुड्डा सिटी सेंटर से जोड़ती है।
वही इस मामले में डीएमआरसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि छतरपुर में तकनीकी खराबी आने की वजह से येलो लाइन पर मेट्रो रेल सेवा प्रभावित हुई है। जिसे सुधारने का कार्य किया जा रहा है।

साथ ही उन्होंने कहा की हुडा सिटी सेंटर और सुल्तानपुर के बीच तथा समयपुर बादली एवं कुतुब मीनार के बीच ट्रेनों को अस्थायी तौर पर चलाया जा रहा है। सुल्तानपुर और कुतुब मीनार के बीच कोई ट्रेन नहीं चल रही है।
डीएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि सुल्तानपुर स्टेशन पर ऊपर से जा रही तार (ओवर हेड वायर या ओएचई) के टूटने की वजह से सुबह नौ बजकर करीब 32 मिनट पर ट्रेन सेवा प्रभावित हो गई।
तार टूटने की वजह से खंड में बिजली आपूर्ति रूक गई है। उन्होंने बताया कि वहां से गुजर रही दोनों ट्रेनों के यात्रियों को ट्रेन से उतार लिया गया और छोटी दूरी के लिए मेट्रो चलाकर सेवा को प्रारंभ किया गया है।

येलो लाइन के समयपुर बादली और कुतुब मीनार स्टेशनो के बीच मेट्रो चलाई जा रही है और हर तीन मिनट पर सेवा उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि सुल्तानपुर-हुडा सिटी सेंटर के बीच मेट्रो आठ मिनट के अंतराल पर मिल रही है।
वहीं उन्होंने यह भी बताया कि तार के जुड़ते ही फिर से सामान्य सेवा को शुरु कर दिया जाएगा। वही दूसरी तरफ डीएमआरसी ने प्रभावित स्टेशन पर यात्रियों को समस्या से राहत देने के लिए फीडर बस सेवा चलायी जा रही है।