नई दिल्ली :– दिल्ली मेट्रो में सफर करने का इंतजार अब खत्म हो गया है। केंद्र सरकार द्वारा अनलॉक 4.0 की जारी गाइडलाइन के अनुसार 7 सितंबर से दिल्ली मेट्रो सेवाएं फिर से शुरू होंगी।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने केंद्र सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के बाद ट्वीट किया कि अनलॉक 4.0 दिशा-निर्देशों के अनुसार दिल्ली मेट्रो 7 सितंबर से अपनी सेवाएं फिर से शुरू करेगी। मेट्रो पर विस्तृत एसओपी जारी होने के बाद आम जनता से मेट्रो संचालन संबंधी जानकारी साझा की जाएगी।
लंबे समय बाद मेट्रो सेवाएं शुरू होने का यात्रियों के साथ-साथ ऑटो, टैक्सी, ई रिक्शा और ई-स्कूटर चालकों को भी बेसब्री से इंतजार था। सेवाएं शुरू होने से लंबे समय बाद एक बार फिर आर्थिक स्थिति में सुधार की उम्मीद जगी है।
मेट्रो स्टेशन से गंतव्य तक आने-जाने के लिए लाखों यात्री अलग-अलग परिवहन साधनों का उपयोग करते हैं। लॉकडाउन से पहले दिल्ली मेट्रो में रोजाना करीब 27 लाख यात्री सफर करते थे।
कोरोना काल में लागू बंदिशों की वजह से यात्रियों की संख्या 25-30 फीसदी तक रह जाएगी। 22 मार्च से मेट्रो सेवाएं बंद कर दी थी। इसके बाद अनलॉक में दी गई रियायत के बाद बस, ऑटो, टैक्सी और ई रिक्शा की सेवाएं शुरू कर दी गईं। लेकिन बसों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किए जाने से यात्रियों की संख्या काफी कम हो गई। रोजाना यात्रियों को बस स्टॉप पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
मेट्रो सेवाएं शुरू होने पर ऑटो, कैब, ई रिक्शा सहित तमाम वाणिज्यिक वाहन मालिकों को कमाई का मौका मिलेगा। लॉकडाउन के दौरान आर्थिक मुश्किलों का सामना कर रहे वाहन मालिकों को इससे काफी राहत मिलेगी।अब तक 1300 करोड़ से अधिक का नुकसान झेल चुकी डीएमआरसी को भी सेवाएं शुरू होने से आर्थिक मुश्किलों से उबरने का मौका मिलेगा।
भीड़भाड़ न हो इसके लिए दिल्ली मेट्रो के 38 फीसदी गेट ही खोले जाएंगे। यात्रियों की संख्या अधिक होने पर प्रवेश के लिए भी कुछ देर का इंतजार करना पड़ सकता है। संक्रमण से बचाव के लिए दिल्ली मेट्रो ने सभी तैयारियां पहले से ही पूरी कर ली है।