दिल्ली में लॉकडाउन के दौरान डबल मर्डर, लहूलुहान मिले बुजुर्ग दंपत्ति
Rohit Sharma
नई दिल्ली : कोरोना संकट से निपटने के लिए देश में लॉकडाउन लागू है, वहीं लॉकडाउन में भी अपराध की वारदातें लगातार सामने आ रही हैं। अब देश की राजधानी दिल्ली में डबल मर्डर की घटना सामने आई है।
मामला दिल्ली के छावला थाने इलाके के दुर्गा विहार का है, जहां एक बुजुर्ग दंपत्ति राज सिंह और ओमवती की हत्या कर दी गई। राज सिंह साल भर पहले एमसीडी से रिटायर हुए थे और अपने परिवार के साथ रहते थे। वहीं आज इस मर्डर का उस समय खुलासा हुआ, जब घर पर राज सिंह के रिश्तेदार पहुंचे।
दरअसल पिछले 24 घंटे से राज सिंह और ओमवती को फोन पर कई कॉल रिश्तेदारों ने किए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला तो रिश्तेदार खुद उनके घर पहुंच गए। वहां पहुंचकर रिश्तेदारों ने देखा कि दंपत्ति खून में लथपथ पड़े हुए थे और उनके शरीर पर चाकुओं के निशान थे।
इसके बाद रिश्तेदारों ने तुरंत पुलिस को कॉल करके इस घटना की जानकारी दी। हालांकि, अब इस बात को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं कि दंपत्ति का बेटा सतीश और उसकी पत्नी कविता दोनों घर में ही मौजूद थे, ऐसे में दोनों पुलिस की रडार पर हैं।
फिलहाल पुलिस को इस मामले में बहू कविता की संलिप्तता नजर आ रही है। घर में सतीश-कविता के दो बच्चे भी मौजूद थे, जिससे पुलिस को संदेह लग रहा है कि हो सकता है कि दंपती को पहले नशीली चीजें खिलाई और फिर हत्या की गई। वहीं पुलिस मामले में घर की बहू और बेटे से लेकर तमाम पहलुओं की जांच में जुट गई है।