बेख़ौफ़ बदमाश : इंजीनियर को अगवा कर एटीएम से निकाले डेढ़ लाख रूपये
ABHISHEK SHARMA
Greater Noida (10/10/19) : ज़िले में अपराधिक घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं, बदमाशों के हौसले बुलंद नज़र आ रहे हैं। वे लगातार अपराध की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को चकमा देने में सफल हो रहे हैं। ताजा मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट का है, जहां बदमाशों के गैंग ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर को उसकी ही एसयूवी में अगवा कर घंटों सड़क पर घूमाते रहे। फिर एटीएम से डेढ़ लाख रुपए निकालकर और सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पास मौजूद 5 हज़ार नगदी लूट ली। विरोध करने पर चाकू मार कर घायल कर दिया। फिर गौर सिटी के समीप छोड़ दिया और दूसरी कार में बैठकर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर बिसरख कोतवाली पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज़ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बिसरख कोतवाली में अपनी शिकायत दर्ज़ करने पहुंचे गौर सिटी निवासी गौरव सिंह एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और नोएडा के सैक्टर 63 में एक सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करते है।
गौरव सिंह का कहना है की वो अपने रिश्तेदार को गाड़ी से गाजियाबाद रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। देर रात 11:00 बजे के करीब जब वह गौर सिटी सोसाइटी के पास पहुंचे तो कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी एसयूवी रोक ली और उनको उनकी ही एसयूवी में ही बंधक बना लिया।
गौरव सिंह ने बताया कि बदमाशों की संख्या चार थी और वे उन्हें नोएडा और गाजियाबाद की सड़कों पर एक घंटे तक सड़क पर घुमाते रहे। फिर क्रॉसिंग रिपब्लिक के नजदीक अलग एटीएम से डेढ़ लाख रुपए निकाले और उसके पास मौजूद पांच हजार नकदी भी लूट ली। कार में विरोध करने पर उस पर चाकू से वार कर घायल कर गौर सोसाइटी के समीप लाकर छोड़ दूसरी कार में बैठ कर फरार हो गए ।
वहीं इस मामले में एसपी देहात रणविजय सिंह का कहना है कि सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ जो वारदात हुई उसकी रिपोर्ट दर्ज की गई है। ऐसे गिरोह की जानकारी मिली जो लोगों को लिफ्ट देकर लूटपाट का अंजाम दे रहा है। जल्द ही इस घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
