नोएडा एयरपोर्ट को पर्यावरण मंत्रालय ने दिखाई हरी झंडी, अब शिलान्यास की बारी
TEN NEWS NETWORK
ग्रेटर नोएडा में बनने वाले नोएडा ग्रीनफ़ील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए केंद्र सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने एयरपोर्ट परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव एसपी गोयल ने ट्वीट करके यह जानकारी दी है। अब प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री से शीघ्र नींव रखवाने की कोशिश करेगी।
बुधवार को ज्यूरिख एयरपोर्ट और उत्तर प्रदेश सरकार के अधिकारियों के बीच लखनऊ में लंबी बैठक हुई थी, जिसमें एयरपोर्ट परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। अब बृहस्पतिवार को पर्यावरण की मंजूरी मिलने से सरकार में खुशी का माहौल है।
दरअसल, पर्यावरण मंत्रालय ने परियोजना पर सात बड़ी आपत्तियां लगाई थीं, जिससे संशय की स्थिति बनी हुई थी। इसमें सबसे बड़ी समस्या परियोजना के इर्दगिर्द रह रहे वन्य जीवों के संरक्षण को लेकर थी, जिसका प्लान वाइल्ड लाइफ संस्था ने तैयार कर भेज दिया है।
अब उत्तर प्रदेश सरकार और यमुना प्राधिकरण नोएडा एयरपोर्ट परियोजना पर निर्माण शीघ्र शुरू कराना चाहते हैं। इसके लिए दोनों स्तर पर तैयारी तेज हो गई हैं। एयरपोर्ट निर्माण व संचालन के लिए स्पेशल परपज व्हीकल कंपनी का गठन भी पहले ही हो गया है।
मार्च अंत में या फिर अप्रैल में एयरपोर्ट का शिलान्यास होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री इसकी नींव रखने ग्रेटर नोएडा आ सकते हैं। बता दें कि यह एशिया का सबसे बड़ा व दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा।