200 ट्रेक्टरों के साथ 10 किलोमीटर लंबी रैली निकालेंगे, चिल्ला बाॅर्डर पर धरनारत किसानों का दावा

Ten News Network

नोएडा : कृषि कानूनों के विरोध में 26 जनवरी को होने जा रही ट्रैक्टर परेड की तैयारियों का दौर नोएडा में भी जारी रहा। रविवार को दिनभर पुलिस के साथ किसान नेताओं की बैठकों का दौर चला। शाम को ट्रैक्टर परेड के लिए रूट तय कर दिया गया।

भारतीय किसान यूनियन भानु ने 200 ट्रैक्टरों के साथ परेड निकालने का एलान किया है। वहीं, लोकशक्ति संगठन ने पुलिस-प्रशासन पर ट्रैक्टरों से नोएडा आ रहे किसानों को रोके जाने का आरोप लगाते हुए डीएनडी फ्लाईवे का रुख करने की चेतावनी दी है।

चिल्ला बॉर्डर पर धरने में पहुंचे दिल्ली पुलिस और नोएडा पुलिस के अधिकारियों ने किसान नेताओं से वार्ता की। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों ने रणनीति तैयार की।

पुलिस ने चिल्ला बॉर्डर से मयूर विहार फेज-1 रेड लाइट से बायीं ओर डीएनडी फ्लाईवे होते हुए वापस दिल्ली, नोएडा लिंक रोड के रास्ते चिल्ला बॉर्डर तक का रूट तय किया है जो रूट मैप किसानों को दिया गया है, उसके मुताबिक दिल्ली की सीमा में चार किलोमीटर और नोएडा में छह किलोमीटर एरिया आता है।

रविवार शाम बैठक के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने बयान जारी कर 200 ट्रैक्टरों के साथ परेड निकालने का दावा किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.