ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर किसानों की महापंचायत आज, 15 दिन से चल रहा है धरना

Ten News Network

ग्रेटर नोएडा : नए भूमि अधिग्रहण कानून के हिसाब से मुआवजा व अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय के बाहर किसानों का धरना जारी है। 15 वें दिन किसान अधिकार युवा रोजगार आंदोलन के बैनर तले 10 से अधिक गांवों के किसान धरने पर बैठे।

आज किसानों की महापंचायत होगी, जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा कर अमल में लाया जाएगा। किसानों ने दावा किया कि महापंचायत में हजारों की संख्या में आसपास के लोग शामिल होंगे।

किसान नेता सुनील फौजी ने बताया कि दिल्ली-मुंबई औद्योगिक कारिडोर परियोजना व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा जमीन लिए जाने से प्रभावित दर्जनों गांवों के किसानों को नए भूमि अधिग्रहण कानून- 2013 के सभी लाभ दिए जाने चाहिए। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण किसानों को जमीन अधिग्रहण की एवज में मिलने वाले मुआवजे को पिछले 10-12 वर्षों से षडयंत्र के तहत बढ़ने नहीं दे रहा है।

गाजियाबाद में 17 हजार रुपये प्रति मीटर तक का मुआवजा दिया जा चुका है, लेकिन प्राधिकरण मात्र 3500 रुपये प्रति वर्गमीटर ही मुआवजा दे रहा है। ये किसानों के साथ अन्याय।

बुधवार को होने वाली महापंचायत में विभिन्न किसान संगठनों व सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को भी किसान के रूप में आने का आग्रह किया गया है। इस दौरान किसान आंदोलन के विषय में रागिनी की भी प्रस्तुति होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.