गौतमबुद्धनगर में कोरोना से पहली मौत, 60 वर्षीय बुजुर्ग ने तोड़ा दम
Abhishek Sharma
गौतम बुद्ध नगर में कोरोना वायरस से पीड़ित पहले व्यक्ति की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि की है। नोएडा में रहने वाले बुजुर्ग व्यक्ति की कोरोना वायरस से मौत हुई है।
इससे पहले गौतम बुद्ध नगर के अस्पताल में गाजियाबाद के निवासी की कोरोना से ग्रस्त होने के चलते मौत हुई थी। हालांकि गाजियाबाद का निवासी होने के चलते यह मौत जिले के आंकडे में नहीं जुड़ी थी।
ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ राकेश गुप्ता ने बताया कि देर रात नोएडा के मेट्रो अस्पताल से 60 वर्षीय सुरेश कुमार को यहां लाया गया था। यहां लाने के 15 मिनट बाद ही उपचार के दौरान पीड़ित की मृत्यु हो गई।
उन्होंने बताया कि यह व्यक्ति नोएडा के सेक्टर 22 का रहने वाला है। इससे पहले नोएडा के सेक्टर 11 स्थित मेट्रो अस्पताल में पीड़ित का इलाज चल रहा था, स्थिति बिगड़ते देख डॉक्टरों ने मरीज को जिम्स अस्पताल में रेफर किया।
डॉ गुप्ता का कहना है कि जिस वक्त मरीज को यहां पर लाया गया, उस वक्त तक स्थिति काबू से बाहर हो चुकी थी, जिसके चलते मरीज ने दम तोड़ दिया।