गाजियाबाद के व्यक्ति को नोएडा के अस्पताल में हुई कोरोना की पुष्टि, 17 कर्मी किए क्वाॅरंटीन
Abhishek Sharma
Noida (26/04/2020) : पूरे देश में कोरोना वायरस के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। वही उत्तर प्रदेश में भी स्थिति गंभीर होती दिखाई पड़ रही है। यहां मरीजों का आंकड़ा 1800 के करीब पहुंच गया है। वहीं नोएडा में भी मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। हालांकि अच्छी खबर यह है कि यहां अब तक 50% से ज्यादा मरीज ठीक हो कर घर जा चुके हैं।
नोएडा के सेक्टर-61 के लाइफ केयर अस्पताल में गाजियाबाद निवासी कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि होने पर अस्पताल को स्वास्थ्य विभाग ने बंद करा दिया है। वहीं, अस्पताल के 17 कर्मियों को इंस्टीट्यूशनल क्वारंटीन किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, दो दिन पहले अस्पताल में गाजियाबाद निवासी व्यक्ति हड्डी रोग का इलाज कराने आया था। उसमें खांसी, जुकाम, बुखार जैसे लक्षण दिख रहे थे। अस्पताल प्रबंधन ने एहतियातन जांच कराई तो उसमें कोरोना होने की पुष्टि हुई।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, मरीज फिलहाल गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग की लिस्ट में शामिल है। मरीज मिलने से अस्पताल में संक्रमण फैलने का खतरा था। अस्पताल के स्टाफ से मरीज के संबंध में जानकारी ली। किसी स्टाफ में लक्षण तो नहीं दिख रहे हैं इसकी भी पड़ताल की गई।
फिलहाल, अस्पताल को बंद करा दिया है। वहीं, लाइफ केयर अस्पताल के एक चिकित्सक ने बताया कि अस्पताल में मरीज आया था जो कोरोना पॉजिटिव निकला। मरीज को स्वास्थ्य विभाग ने भर्ती करा दिया है। सोमवार से अस्पताल खोल दिया जाएगा।