ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों के लिए बड़ी खबर, डेढ़ साल के भीतर मेट्रो की सौगात, पढ़ें पूरी खबर

ABHISHEK SHARMA

Greater Noida (10/10/19) : ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों के लिए बड़ी खबर है। दिवाली पर उत्तर प्रदेश सरकार और ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण दो बड़े तोहफे यहां के रहने वालों को देने जा रहे हैं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की मेट्रो परियोजना को उत्तर प्रदेश सरकार ने हरी झंडी दे दी है। साथ ही दिवाली से पहले इसके लिए बजट भी आवंटित कर दिया जाएगा।

दूसरी ओर इस पूरे इलाके में यातायात को सुगम बनाने के लिए अंडरपास, फुटओवर ब्रिज और सड़कों को और बेहतर बनाने की परियोजना को भी विकास प्राधिकरण ने मंजूरी दे दी है।  उत्तर प्रदेश सरकार से जानकारी मिल रही है कि नोएडा में सेक्टर 71 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक मूर्ति गोल चक्कर तक मेट्रो प्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी गई है।



इसके लिए जरूरी करीब 1000 करोड रुपए की धनराशि भी दीपावली से पहले ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को मुहैया करवाई जाएगी। हालांकि, यह धनराशि भारत सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार, नोएडा और ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण मिलकर एकत्र करेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले करीब डेढ़ साल में सेक्टर 71 से एक मूर्ति गोल चक्कर तक मेट्रो दौड़ने लगेगी।

वहीं, दूसरी ओर ग्रेटर नोएडा वेस्ट में यातायात का बुरा हाल है। वेस्ट के लोग लगातार गौर सिटी चौराहे पर फ्लाईओवर और अंडरपास बनाने की मांग कर रहे हैं।  यहां फुट ओवरब्रिज बनाने की भी मांग चल रही है। प्राधिकरण ने इस परियोजना को भी मंजूरी दे दी है। प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक दीपावली से पहले ओवरब्रिज का निर्माण शुरू हो जाएगा और नए साल तक यहां फ्लाईओवर बनाने का काम भी शुरू किया जा सकता है।

साथ ही ग्रेटर नोएडा वेस्ट की मुख्य सड़कों को चौड़ा और रिसर्फेसिंग करने के लिए विकास प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिए हैं। फिलहाल सड़क बनाने के लिए मौसम अनुकूल चल रहा है तो अगले 1 सप्ताह में सड़कों के सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू हो जाएगा, जो 31 दिसंबर तक पूरा करना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.