ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की पहल, वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिए विकसित करेगा स्मृति वाटिका, लगाएगा 1 लाख पौधे

Ten News Network

Greater Noida: ग्रेटर नौएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने आज मानसून सत्र में एक वृहद अभियान (Special Drive) चलाकर एक लाख (100000) पौधों के वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वृक्षारोपण किया जायेगा। इस अभियान के अन्तर्गत ग्रेटर नौएडा क्षेत्र में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का लक्ष्य रखा गया है। इन सभी पौधों की जीओ टैगिंग भी की जायेगी, जिससे कि लगाये जाने वाले पौधों की वास्तविक स्थिति की जानकारी के साथ-साथ रख-रखाव एवं पौधों में प्रगति, सिचाई तथा हरियाली इत्यादि की आनलाईन मॉनिटरिंग की जा सके। इसके साथ ही इस बात का विशेष ध्यान रखा जायेगा कि मानसून सत्र में प्रस्तावित बृहद वृक्षारोपण में जन सामान्य तथा ग्रेटर नौएडा के निवासियों की सहभागिता भी सुनिश्चित हो सके।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इस मानसून सत्र में पौधों के वृक्षारोपण की शुरूआत के साथ-साथ एक नयी पहल करने जा रहा है, जिसके अन्तर्गत ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सेक्टर-10 और 12 के ग्रीन बेल्ट में स्मृति वाटिका विकसित किये जाने का निर्णय लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, इस स्मृति वाटिका में “मेरा पौधा मेरी स्मृति” कार्यक्रम के अन्तर्गत ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के निवासी अपने पूर्वजों की याद में वृक्षारोपण कर पौधे के पास उनके नाम की पट्टी या फिर उनके लिए कोई संदेश आदि लगा सकते है। इन सभी लगाये गये पौधे का रख-रखाव, सिंचाई आदि का कार्य प्राधिकरण द्वारा कराया जायेगा।

स्मृति वाटिका में अगर आप चाहें तो अपने लगाए हुए पौधे का रख रखाव या सिंचाई आदि का कार्य खुद भी कर सकते हैं साथ ही वाटिका में बैठने के स्थान तथा अन्य सुविधायें विकसित करने के लिए अपनी इच्छानुसार सहायता प्रदान कर सकते है। ग्रेटर नौएडा प्राधिकरण द्वारा स्मृति वाटिका में ग्रेटर नौएडा के निवासी अपनी इच्छा के अनुरूप पौधे आरोपित कर सकते है।

आज के वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्राधिकरण ने सेक्टर-1, 75 मीटर ग्रीन बेल्ट, सेक्टर-10, 75 मीटर ग्रीन बेल्ट, सेक्टर-2, 10 मीटर एवं 20 मीटर चौडी ग्रीन बेल्ट, सेक्टर-टेकजोन-2, 20 मीटर ग्रीन बेल्ट एवं ग्राम अस्तौली आदि में वृक्षारोपण का कार्य किया। साथ ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्रेटर नौएडा क्षेत्र के निवासियों से अपील की है कि वृक्षरोपण करके तथां वृक्षों की सुरक्षा से ही पर्यावरण को सुरक्षित किया जा सकता है, जिसके लिए सभी व्यक्ति वृक्षारोपण का कार्य करें तथा वृक्षों की देखभाल करने का कार्य करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.