दो दशक पूरे होने पर शारदा विश्वविद्यालय ने मनाया स्थापना दिवस : सामुदायिक रेडियो सुनो शारदा 90.8 एफएम का शुभारंभ

GREATER NOIDA LOKESH GOSWAMI  unnamed

unnamed (1)

ग्रेटर नोएडा। शारदा विश्वविद्यालय ने बुधवार को शिक्षा के क्षेत्र में अपने योगदान की बीसवीं वर्षगांठ मनाई। इस
मौके पर विश्वविद्यालय में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। स्थापना दिवस के
अवसर पर विश्वविख्यात वक्ताओं ने प्रेरणादायक संबोधन भी दिया। खास बात यह रही कि इस मौके पर शारदा
विश्वविद्यालय ने सामुदायिक रेडियो सुनो शारदा 90.8 एफएम की विधिवत शुरूआत करके ग्रेटर नोएडा की जनता
को तोहफा भी दिया। उल्लेखनीय है कि दो दशक पहले शारदा एजुकेशनल ट्रस्ट की स्थापना की गई थी और इस ट्रस्ट ने विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शिक्षा प्रदान करने का बीड़ा उठाया था। जिसे जारी रखते हुए वर्तमान में शारदा विश्वविद्यालय ने देश ही नहीं 46 देशों के तकरीबन 15 सौ विद्यार्थियों को शिक्षित किया और शिक्षण के क्षेत्र में देशों की सीमाओं को
लांघकर अपनी विश्वस्तरीय पहचान स्थापित की। शारदा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, एसजीआई ने अपने इसी सफर की
बीसवीं वर्षगांठ के उपलक्ष में स्थापना दिवस मनाया। कार्यक्रम की शुरूआत शारदा के कुलगीत के साथ हुई और इस
मौके पर शारदा विश्वविद्यालय के चांसलर पी के गुप्ता ने कहा कि शिक्षा और दीक्षा एक इनसान के जीवन में
व्यापक बदलाव लाती है और इसी से बेहतर मानव समाज का निर्माण होता है इसीलिए शारदा विश्वविद्यालय
शिक्षण के क्षेत्र में अपनी वचनबद्धता को हमेशा कायम रखेगा। इस वर्षगांठ को यादगार बनाने के लिए शारदा विश्वविद्यालय ने अपने पहले कम्युनिटी रेडियो सुनो शारदा 90.8 एफएम का शुभारंभ किया। सुनो शारदा की विधिवत शुरूआत करते हुए वरिष्ठ टीवी पत्रकार रिचा अनिरूद्ध ने कहा कि यह कम्युनिटी रेडियो ग्रेटर नोएडा की जनता के लिए एक ऐसा तोहफा है जो लोगों का मनोरंजन करेगा और उनका मार्गदर्शन करने का सारथी भी बनेगा। रेडियो के इस उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो विजय गुप्ता, कार्यकारी निदेशक प्रशांत गुप्ता, रजिस्ट्रार अवेस अहमद और जनसंचार के विभागाध्यक्ष प्रो हर्ष रंजन मौजूद थे। स्थापना दिवस के इस अवसर पर जहां एक ओर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंचन किया गया वहीं अन्तर्राष्ट्रीय वक्ता अनिल भटनागर ने जीवन को एक नई दिशा देने वाली प्रेरणादायी चर्चा से सभी को अभिभूत कर दिया। इसके बाद शिक्षकों और उनके परिवारों ने क्रिकेट खेला साथ ही टग ऑफ वार, म्यूजिकल चेयर में भी भाग लिया और कॉमेडी आधारित लघु नाटक का मंचन भी किया गया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति पी के गुप्ता ने शिक्षकों और कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया। इसमें शारदा विश्वविद्यालय के प्रो चांसलर वाई के गुप्ता सहित विश्वविद्यालय के सभी अधिकारी, सलाहकार और विभिन्न विभागों के डीन, एचओडी, शिक्षक व कर्मचारी मौजूद थे। कार्यक्रम के समापन के बाद सभी ने अपने परिवार के साथ सामूहिक भोज का लुत्फ उठाया।

Comments are closed.