पॉलिथीन हाथ में लेकर आए तो नहीं मिलेगी ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में एंट्री

Abhishek Sharma

Greater Noida (13/12/18) : ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई स्थित यूनिटेक कैसकेड्स सोसायटी के निवासियों ने शहर की पहली ग्रीन सोसायटी बनने की कवायद शुरू कर दी है। घरों से गीला और सूखा कूडा अलग-अलग एकत्र किया जा रहा है। जल्द ही सोसायटी में पॉलिथीन के साथ आने वाले लोगों को प्रवेश नहीं मिलेगा। इस कवायद में सोसायटी की महिलाएं अहम भूमिका निभा रही हैं।

सोसायटी में इस समय 60 परिवार रह रहे हैं। इनके घरों से रोज करीब 100 किलोग्राम कूड़ा निकल रहा है। स्थानीय लोग सोसायटी के बाहर कूड़ा डालते थे, वहां से इसे प्राधिकरण उठाता था। प्राधिकरण की व्यवस्था अच्छी नहीं होने के कारण स्थानीय लोग गंदगी से परेशान थे। इस पर सोसायटी की अपार्टमेंट आनर्स एसोसिएशन (एओए) के कार्यकारी सदस्य विवेक अरोड़ा ने परिसर में ही कूड़ा निस्तारण की रूपरेखा तैयार की।

विवेक अरोड़ा ने बताया कि आठ सफाई कर्मचारियों को जिम्मा सौंपा गया है। वे घर-घर जाकर कूडा एकत्र कर रहे हैं। गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग देने की जिम्मेदारी फ्लैट मालिक की है। बेसमेट में स्टोर बनाए गए हैं, जहां गीले कूडे से खाद बनाई जाएगी। इसे सोसायटी की हरियाली में प्रयोग किया जाएगा। सूखे कूडे़ से गत्ता, प्लास्टिक, बोतल आदि को अलग-अलग किया जाएगा और फिर उसको रिसाइकिल कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सोसायटी मैनेजमेंट के अलावा एओए के अध्यक्ष चंद्राश पंत इसमें पूरा सहयोग कर रहे है। अब राखी अरोड़ा, दीप्ति पंत, मुदिता, कनिका अग्रवाल आदि महिलाओं ने इसके लिए कमान संभाल ली है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.