मोबाइल में हाईवे साथी एप होगा तो ही यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर, जल्द लागू होगा नियम
Ten News Network
Greater Noida (23/01/2021) : आने वाले दिनों में आप यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर तब कर पाएंगे जब मोबाइल में हाईवे साथी एप डाउनलोड रहेगा। आपका सफर सुरक्षित बनाने के लिए हाईवे से जुड़ी तमाम जानकारी इस एप से मिलेगी। यह एप पहले से बना हुआ है, लेकिन हादसों को रोकने के लिए अब इसे अनिवार्य करने की तैयारी है।
दरअसल, एप में एक्सप्रेसवे से जुड़ी तमाम जानकारी दी गई हैं। मसलन, अगर कोई हादसा हुआ है तो उसके बारे में अपडेट मिल सकेगा। कोहरा होने पर भी पहले ही जानकारी मिल जाएगी।
एक्सप्रेसवे पर किस जगह जन सुविधाएं हैं, कहां पर जलपान की व्यवस्था है, मेडिकल फैसिलिटी कहां पर है, क्रेन कहां खड़ी है, इमरजेंसी नंबर आदि के बारे में पता चल सकेगा
यह एप पहले ही शुरू कर दिया गया था, लेकिन इसे वाहन चालकों के लिए डाउनलोड करना अनिवार्य नहीं किया गया था। यमुना प्राधिकरण ने हादसे रोकने के लिए अब इसे अनिवार्य रूप से लागू करने के लिए जेपी कंपनी से कहा है।
इसके लागू होने के बाद आगरा व ग्रेटर नोएडा से प्रवेश करने वाले वाहन चालकों को मोबाइल में एप दिखाने पर ही प्रवेश दिया जाएगा। प्राधिकरण का मानना है कि इससे वाहन चालकों का सफर और सुरक्षित हो सकेगा।