बॉर्डर सील : डीएनडी पर लगी वाहनों की कतार, बैरिकेंडिग कर नोएडा पुलिस द्वारा की जा रही चेकिंग

Rohit Sharma

नोएडा :– दिल्ली-नोएडा को जोड़ने वाले डीएनडी फ्लाईवे पर पुलिस जांच के चलते जाम लग गया है , वाहनों की लंबी कतार लग गई है। लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के लिए दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर नोएडा पुलिस दिल्ली से आने वाले वाहनों को रोककर पूरी तरह से जांच कर रही है।

वहीं दूसरी तरफ गैरजरूरी लोगों को सेक्टर 14 नोएडा प्रवेश द्वार से ही वापस दिल्ली भेज दिया जा रहा है। सिर्फ उन्हीं वाहनों को दिल्ली जाने और दिल्ली से आने दिया जा रहा है, जिनके पास वाजिब वजह है।

इससे पहले दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस के साथ-साथ नोएडा और गाजियाबाद पुलिस ने भी आज सुबह से ही मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस सभी वाहनों और लोगों की जांच के बाद पास होने या फिर जायज वजह बताने पर ही दिल्ली से यूपी आने-जाने दे रही है।

नोएडा में बतौर सब इंस्पेक्टर तैनात गुरुमुख सिंह का कहना है कि जिनके पास आपूर्ति या अन्य काम के लिए पास हैं उन्हें जाने दिया जा रहा। इसके अलावा डॉक्टरों, सफाई कर्मियों को यूपी से दिल्ली जाने की इजाजत मिल रही है।

इससे पहले मंगलवार को लॉकडाउन के सख्ती से पालन के दौरान दिल्ली-उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर वाहनों की कतार के चलते भीषण जाम लग गया था। ऐसे में जरूरी सामान की आपूर्ति के लिए लोगों के साथ डॉक्टरों और अन्य सरकारी महकमों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.