नोएडा: गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे बदमाश की पुलिस के साथ मुठभेड, पैर में लगी गोली

ABHISHEK SHARMA

उत्तर प्रदेश की नोएडा पुलिस ने रविवार की रात एक मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर कानून के तहत दर्ज मामले में वांछित एक बदमाश को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में आरोपी जख्मी हो गया है।

अपर पुलिस उपायुक्त अंकुर अग्रवाल ने बताया कि थाना फेस-2 पुलिस रविवार की रात को सेक्टर 88 के पास गाड़ियों की जांच कर रही थी, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस पार्टी पर गोली चला दी और भागने लगे। अग्रवाल ने बताया कि जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस की गोली सूरज मंडल के पैर में लगी है।

उन्होंने बताया कि उपचार के लिए घायल बदमाश को नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपर उपायुक्त ने बताया कि इसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।

पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए बदमाश के खिलाफ चोरी तथा गैंगस्टर कानून सहित करीब 11 मामले दर्ज हैं। वह थाना फेस-2 क्षेत्र के शीर्ष के 10 अपराधियों में शामिल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.