45 साल का व्यक्ति करने चला था दूसरी शादी, पहली पत्नी ने मंडप में पहुंचकर किया हंगामा
Abhishek Sharma
Greater Noida (30/01/19) : बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के दुजाना गांव में 45 साल का एक व्यक्ति दूसरी शादी के लिए बारात लेकर पहुंच गया। मामले की खबर मिलने पर पति से अलग रह रही पत्नी अपने 3 बच्चों लेकर मंडप में पहुंच गई और शादी रुकवा दी। इसके बाद ग्रामीणों ने बरातियों को पीट-पीटकर गांव से भगा दिया। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने दूल्हा को मंडप से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
दादरी के गौतमपुरी मोहल्ले की सीमा की शादी करीब 19 साल पहले गाजियाबाद स्थित गोविंदपुरम के रामनिवास के साथ हुई थी। पत्नी का आरोप है कि पति शराब पीकर बदतमीजी करता है। विरोध करने पर मारपीट करता है। पति के अत्याचार के चलते वह करीब 9 साल से अपनी मां के पास रहती है और ठेली-पटरी पर कपड़े बेचकर परिवार चला रही है।
सीमा का कहना है कि पति रामनिवास 21 जनवरी को दुजाना गांव की महिला से शादी करने के लिए 15 लोगों की बरात लेकर पहुंच गया था। सुसराल के पड़ोसी ने इसकी सूचना सीमा को दी। वह अपने 3 बच्चों व परिवार के लोगों के साथ दुजाना पहुंच गई। उस समय गांव में जयमाला की तैयारी चल रही थी। पहली पत्नी ने हंगामा शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर ग्रामीण जमा हो गए। पहली पत्नी की बात सुनकर ग्रामीणों ने बरातियों को पीटना शुरू कर दिया।
बादलपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नागेंद्र चौबे ने बताया कि आरोपित पति दूसरी शादी के लिए बरात लेकर दुजाना गांव गया था। पत्नी ने मौके पर पहुंचकर विरोध किया। इससे झगड़ा होने लगा। घटना की सूचना पर पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया। उसे एसडीएम कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।