कोरोना से संक्रमित विधायक तेजपाल नागर अस्पताल में भर्ती, परिवार के 3 लोग और मिले पाॅजिटिव
ABHISHEK SHARMA
लखनऊ में विधानसभा सत्र से पहले चल रही जांच के दौरान दादरी विधायक तेजपाल नागर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। विधायक ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देने के साथ ही जो लोग संपर्क में आए हैं उन्हें गाइडलाइन का पालन करने और जरूरत होने पर अपनी जांच कराने का सुझाव दिया है।
आज विधायक के घर पर 15 लोगों की जांच हुई। जांच के दौरान तीन लोगों के पॉजिटिव आने की सूचना है। जिसमें पत्नी, पुत्रवधु और खाना बनाने वाला नौकर शामिल है। वहीं विधायक तेजपाल नागर आज ग्रेटर नोएडा स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती हुए हैं।
नागर दादरी की गुर्जर कालोनी में रहते हैं। मंगलवार को 10 बजे लोगों से मिलने के बाद उन्होंने सुदीक्षा भाटी की फोटो कार्यालय में लगाई थी। इसके बाद पत्रकारों से वार्ता भी की थी। वह सुदीक्षा के घर सांत्वना और मदद देने भी पहुंचे थे। लोगों के मिलने के बाद दोपहर 12 बजे लखनऊ रवाना हुए थे।
दोपहर दो बजे जांच कराई गई। बुधवार को रिपोर्ट आई जिसमें वह पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर मेसेज पोस्ट किया जिसमें कहा कि कोरोना के लक्षण दिखने से अपनी जांच कराई जो पॉजिटिव आई है।