एनईए अध्यक्ष विपिन मल्हन की उद्यमियों से अपील, श्रमिकों का रखें विशेष ध्यान
Abhishek Sharma
नोएडा : आर्थिक मंदी में उद्यमियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उत्पादन क्षमता मंदी में प्रभावित होने से उद्यमियों को अपनी यूनिट का खर्च निकालने से लेकर कर्मचारियों को वेतन देने तक का संकट खड़ा हो गया है। उद्यमियों का कहना है कि नोएडा में लगी कंपनियों को राहत देने के लिए रोजगार बदलने की अनुमति प्राधिकरण की ओर से प्रदान की जाए।
वही लॉक डाउन की मार उद्यमियों एवं कर्मचारियों, दोनों को ही झेलनी पड़ रही है। जहां उद्यमियों को अपने कर्मचारियों की सैलरी कंपनी बंद होने के बावजूद देनी पड़ रही है , तो वहीं कुछ कंपनियां आदेशों के बावजूद अपने कर्मचारियों को सैलरी नहीं दे रही हैं।
इस बीच नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन मल्हन ने सभी उद्यमियों से अपील करते हुए एक वीडियो संदेश जारी किया है।
विपिन मल्हन का कहना है कि 7 मई हो चुकी है, ऐसे में सभी उद्यमी यह सोच रहे होंगे कि अप्रैल माह का वेतन कर्मचारियों को कैसे किया जाए। हमने सरकार, मंत्री व अफसरों तक मीडिया और पत्रों के माध्यम से अपनी समस्या पहुंचाई है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक सरकार ने उद्यमियों के पक्ष में कोई कदम नहीं उठाया है।
उन्होंने आगे कहा, हमारी कंपनियों में काम करने वाले श्रमिक हमारा ही परिवार हैं, ये लोग हमारा अभिन्न अंग हैं। इन श्रमिकों के घर में रोजी, रोटी या दवाई जैसी कोई समस्याए होती है, तो यह हमारे परिवार की ही समस्या है।
मैं सभी उद्यमियों से अनुरोध करता हूं कि कुछ राशि इन श्रमिकों के घर तक जरूर पहुंचाएं, ताकि इनको किसी प्रकार की कोई समस्या का सामना ना करना पड़े। मैं जानता हूं कि इस वक्त सभी उद्यमियों पर कई प्रकार के बैंक लोन व ब्याज चल रहे हैं। स्थिति हमारे अनुकूल नहीं हैं, इसके बावजूद हमें अपने श्रमिक परिवार का भी ध्यान रखना पड़ेगा।