केजरीवाल सरकार की लापरवाही से दिल्ली में बढ़ा प्रदूषण: आदेश गुप्ता
प्रदूषण से दिल्ली के लोगों का बुरा हाल है सरकार और प्रशासन के सारे इंतजाम के बाद भी दिवाली की रात जमकर आतिशबाजी हुई, इसके बाद राजधानी में धुआं हीं धुआं है। राजधानी दिल्ली में दिवाली की रात हुई जमकर आतिशबाजी के बाद प्रदूषण ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इस बीच अब प्रदूषण को लेकर दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दिल्ली सरकार के ऊपर निशाना साधते हुए कहा है कि दिल्ली सरकार अपनी जिम्मेदारी पूरी तरीके से निभाने में फेल हुई है। राजधानी में अरविंद केजरीवाल की सरकार कुछ काम नहीं करना चाहती है। वह सिर्फ टेंपरेरी अरेंजमेंट कर प्रदूषण पर काबू पाना चाहती है।
एक वीडियो के माध्यम से आदेश गुप्ता ने कहा की मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल राजधानी दिल्ली में बड़ते हुए प्रदूषण के स्तर को देखते हुए साल 2018 में ग्रीन एक्शन प्लान लेकर आए थे, जिसमे एक्शन प्लान के तहत 24 अलग-अलग काम दिल्ली सरकार द्वारा किए जाने थे | बिजली से चलने वाले वाहनों को प्रमोट करने के साथ सोलर एनर्जी को भी प्रमोट करना शामिल था | साथ ही ग्रीन कॉरिडोर एक्टिविटी को बढ़ाना था | ऐसी 24 अलग-अलग घोषणाएं की थी | आदेश गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री बताएं कि इन सभी 24 घोषणाओं का क्या हुआ। इन सभी 24 कामों को पूरा करने के लिए दिल्ली सरकार के द्वारा बड़ी संख्या में हजारों करोड़ों का बजट अलॉट किया गया था, जिसके अंतर्गत स्मॉग टावर भी राजधानी दिल्ली में जगह-जगह बनने थे, लेकिन कोई भी काम नहीं हुआ। इस सब के बीच दिल्ली सरकार के द्वारा रोशनी का त्योहार दिवाली जो पूरे देश में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है, उसी त्योहार को लेकर दिल्ली सरकार खिलवाड़ कर रही है।
आदेश गुप्ता ने आगे कहा की बीते दिनों जब राजधानी दिल्ली में कोई भी व्यक्ति पटाखे नहीं चला रहा था उस समय भी राजधानी दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स खतरनाक स्तर से काफी ऊपर था। दिल्ली सरकार के द्वारा कोई कार्रवाई उस समय नहीं की गई थी। ऐसे में यह कहना गलत है कि दिवाली के दिन लोगों के द्वारा की गई आतिशबाजी के चलते दिल्ली में प्रदूषण बढ़ा है। जबकि, सिर्फ आतिशबाजी ही प्रदूषण का प्रमुख कारण नहीं है। राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर जो लगातार बढ़ रहा है खतरनाक हो गया है। उसकी प्रमुख जिम्मेदार दिल्ली सरकार की लापरवाही भी है।