प्रदूषण फैलाने पर नोएडा प्राधिकरण ने 80 एजेंसियों पर लगाया 15.5 लाख जुर्माना
Abhishek Sharma
Noida (28/11/18) : प्राधिकरण ने प्रदूषण की रोकथाम में बाधा बन रही एजेंसियों और लोगों पर कड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण के सभी दस वर्क सर्किल की टीम दिनभर सड़कों के दौरे पर रही। अभियान के दौरान 80 एजेंसियों पर करीब 15.5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जुर्माने की राशि पांच हजार से 50 हजार रुपये तक रही।
पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण के मामले में सुनवाई के दौरान प्रदूषण फैलाने वाली एजेंसियों पर कार्रवाई नहीं होने की बात कही थी। साथ ही, जिम्मेदार अधिकारियों पर नाराजगी भी जताई गई थी। इसी के बाद यह कार्रवाई हुई है। इसके अलावा ईपीसीए के चेयरमैन भूरेलाल ने भी प्राधिकरणों की कार्यप्रणाली पर सवाली उठाए थे। उन्होंने प्रदूषण की रोकथाम के लिए उपाय करने को भी कहा था।
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ आलोक टंडन ने बताया कि एनजीटी के गाइडलाइंस का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया गया है। इसमें वर्क सर्किल- एक ने 1.12 लाख, वर्क सर्किल-दो ने 2 लाख, वर्क सर्किल-तीन ने 1.11 लाख, चार ने 50 हजार, पांच ने 7 लाख, छह ने 1.30 लाख, आठ ने 60 हजार, नौ ने 70 हजार और वर्क सर्किल-10 ने 80 हजार का जुर्माना किया है। साथ ही, कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है। असिस्टेंट मैनेजर, मैनेजर और सीनियर मैनेजर को भी गाइडलाइंस का अनुपालन कराने के लिए चेतावनी दी गई है।
जिन पर जुर्माना लगाया गया है। उनमें सबसे अधिक निर्माण से जुड़ी एजेंसियां हैं, जो खुले में निर्माण सामग्री रखकर एनजीटी के निर्देशों का उल्लंघन करती नजर आईं। इसके अलावा जगह-जगह वायू प्रदूषण के लिए जिम्मेदार लोगों, कंपनियों, स्कूलों में चल रहे काम के लिए जिम्मेदार ठेकेदारों सहित अन्यों पर जुर्माना लगाया गया है।