नोएडा प्राधिकरण ने ‘डॉक्टर ऑन कॉल’ सेवा की शुरुआत, ऐसे लें सुविधा का लाभ

Abhishek Sharma

नोएडा प्राधिकरण ने शहरवासियों के लिए डॉक्टर ऑन कॉल सर्विसेज शुरू किया है जिसमें नोएडा वासी 0120- 24 22317 पर सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक डॉक्टर से संपर्क कर 12 विभिन्न रोगों के 19 विभिन्न विशेषज्ञों/ चिकित्सकों की टीम से चिकित्सीय परामर्श ले सकते हैं।

विभिन्न रोगों में जैसे सामान्य रोग, बाल रोग, स्त्री रोग, त्वचा रोग, गठिया रोग, छाती रोग, नेत्र रोग, कान, नाक, गला रोग, दंत रोग, न्यूरो रोग, मानसिक रोग एवं हड्डी रोग जैसे बीमारियों के लिए चिकित्सा परामर्श प्राप्त कर सकते हैं।

अबतक 226 काल हेल्पलाइन नंबर पर प्राप्त हुई है, जिसका चिकित्सकों द्वारा शत-प्रतिशत निराकरण किया गया है। इस योजना की सफलता से प्रेरित होकर अन्य शहरों में भी ऐसे प्रयास करने हेतु नोएडा प्राधिकरण से संपर्क स्थापित किया जा रहा है।

नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु महेश्वरी ने बताया कि सभी नगर वासियों से अपील है कि किसी को भी आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की आपूर्ति हेतु पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है।

नोएडा में खाद्य सामग्री व अन्य जरूरत की सभी वस्तुएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा किसी भी चीज की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि यह आवश्यक वस्तुएं एवं सेवाएं प्राधिकरण यथासंभव सभी तक पहुंचाने का प्रयास करता रहेगा।

बता दें कि नोएडा प्राधिकरण ने प्राधिकरण क्षेत्र के अंतर्गत सभी चिन्हित हॉटस्पॉट एवं अन्य क्षेत्रों में दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं जैसे सब्जियां फल दूध व दवाएं आदि की डोर स्टेप डिलीवरी 25 मार्च 2020 से आईवीआर नंबर 886003 2939 एवं नोएडा प्राधिकरण की आपूर्ति सुविधा ऐप द्वारा नोएडा वासियों को उपलब्ध करा रही है।

इसके लिए 433 मोबाइल फल एवं सब्जी विक्रेता, 332 फार्मेसी 383 किराना दुकान एवं 7 ई कंपनियों को इस योजना में शामिल किया गया है। इस वृहद परियोजना में 1500 डिलीवरी ब्वॉय एवं 100 से अधिक वाहनों का प्रयोग प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है। अब तक 10,000 से अधिक लोगों ने इस सुविधा का लाभ उठाया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.