घर पर इलाज करा रहे लोगों को नोएडा प्राधिकरण करेगा ऑक्सीजन सिलेंडर मुहैय्या
Ten News Network
नोएडा :– कोविड – 19 को हराने लिए नोएडा प्राधिकरण ने एक बड़ा फैसला किया है। अपने घरों में रहकर इस बीमारी से लड़ रहे लोगों की मदद के लिए प्राधिकरण ने एक बड़ी मूवमेंट की शुरुआत की है। प्राधिकरण का कहना है अब लोगों को सिर्फ ऑक्सीजन ही नहीं, ऑक्सीजन सिलेंडर भी घर पर ही मुहैया कराया जाएगा।।
आपको बता दें कि अभी तक नोएडा के दो केंद्रों में ऑक्सीजन रिफलिंग का कार्य चल रहा था। अब जिन लोगों के पास ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं हैं, वह प्राधिकरण से सीधे सिलेंडर ले सकते हैं। स्वस्थ होने के बाद यह सिलेंडर लोगों को वापस लौटाने होंगे। यह सुविधा आज से शुरू हो रही है। नोएडा अथॉरिटी की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु महेश्वरी ने इस सुविधा की शुरुआत की थी।
ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए करना होगा यह कार्य
नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी संतोष उपाध्याय द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक वर्क सर्किल के कार्यालय में न्यूनतम 2500 रुपये सिक्योरिटी मनी जमा करनी होगी। प्रत्येक बार रिफिलिंग का चार्ज 200 रुपये जमा करना पड़ेगा और अगर बड़ा सिलेंडर है तो उसके लिए ₹500 देने होंगे। जब मरीज के परिजन खाली ऑक्सीजन सिलेंडर वापस लौटाएंगे तो उन्हें सिक्योरिटी मनी वापस कर दी जाएगी। ऑक्सीजन सिलेंडर सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक दस्तावेज जमा करके केंद्र पर मौजूद अधिकारी और कर्मचारी से लिए जा सकते हैं।
नोएडा शहर में 10 स्थानों पर ऑक्सीजन सिलेंडर बैंक की स्थापना की गई है। नोएडा में गांव और सेक्टरों के ऐसे मरीज हैं, जो हम आइसोलेशन में हैं और उनको डॉक्टर की सलाह पर कम ऑक्सीजन से इलाज की सुविधा दी जा सकती है, उन्हें इस सुविधा का लाभ दिया जाएगा।
नोएडा प्राधिकरण से कैसे ले ऑक्सीजन सिलेंडर
जिन लोगों के पास अगर ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं है, तो वे प्राधिकरण के बैंक से सिलेंडर ले सकते हैं। प्राधिकरण के पास 5 लीटर कैपेसिटी के ऑक्सीजन सिलेंडर हैं। शहर के सभी 10 वर्क सर्किलों में 200 ऑक्सीजन सिलेंडर आवंटित किए गए हैं।
ऑक्सीजन गैस सिलेंडर लेने के लिए आपको कुछ दस्तावेजों को उपलब्ध करवाना होंगा। सिलेंडर ले जाने वाले व्यक्ति को अपने आधार कार्ड की फोटोकॉपी देने पडे़गी। इसके अलावा ऑक्सीजन सैचुरेशन लेवल की रिपोर्ट देनी होगी। ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए आपको कोविड टेस्ट रिपोर्ट भी देनी होगी।