62 जगहों पर ई-साइकिल स्टोर शुरू करने वाला है नोएडा प्राधिकरण, किराए पर ले सकेंगे राइड
Ten News Network
नोएडा : प्रदूषण नियंत्रण के लिए नोएडा प्राधिकरण शहर में जल्द 62 जगहों पर ई-साइकिल स्टोर शुरू करने वाला है। यहां से लोग किराए पर साइकिल ले सकेंगे। इसका मकसद न्यूनतम किराए पर लोगों को अधिकतम लाभ पहुंचाने का है। साइकिलिंग, स्वास्थ्य के लिहाज से बेहतर विकल्प है। साथ ही ये योजना प्रदूषण नियंत्रण में भी मददगार साबित होगी।
इतना ही नहीं साइकिल की सवारी, सड़कों पर बढ़ रहे गाड़ियों के दबाव को कम करने में भी मददगार साबित होगी। इससे शहरवासियों को जाम से भी राहत मिलेगी।
साइकिल, हमारे सबसे पुराने परिवहन साधनों में से एक है। बदलते वक्त के साथ इसमें भी कई तरह के बदलाव हुए हैं। लिहाजा नए अवतार में साइकिल, भारत समेत दुनिया भर में लोगों के लिए स्टेटस सिंबल बनती जा रही है।
इसे देखते हुए नोएडा में बनने वाले साइकिल स्टैंड पर भी इलेक्ट्रिक साइकल किराए पर उपलब्ध कराई जाएंगी। ये साइकिल देखने में आम साइकिल के मुकाबले काफी आकर्षक और चलाने में सुविधाजनक होगी।
नोएडा में पहला साइकिल स्टैंड सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम के पास बनाया जाएगा। इससे सुबह-शाम स्टेडिय आने वाले लोग किराए पर साइकिलिंग का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। नोएडा प्राधिकरण के मुताबिक ई-साइकिल के संचालन और मरम्मत के लिए इसी माह (फरवरी-2021) में कंपनी का चयन कर लिया जाएगा। मार्च-2021 से साइकिल स्टोर शुरू करने का लक्ष्य रखा है।
