नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ज्यादा नही मिलेगी गर्मी से राहत, फिर बढेगा प्रकोप
दिल्ली से सटे नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मौसम के करवट लेने से शहरवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार शाम करीब छह बजे बारिश हुई, इससे मौसम सुहावना हो गया। अधिकतम पारा 37 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले शुक्रवार सुबह शहर के कई हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। अपराहन 11.30 बजे तक आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर 12 से शाम पांच बजे तक धूप रही, लेकिन शाम करीब छह बजते ही मौसम ने फिर से करवट ली।
बादलों के आवागमन से बारिश की शुरुआत हुई। 15 से 20 मिनट तक बारिश होती रही। नमी का स्तर 54 से 64 फीसद के बीच रहा। उधर स्काइमेट वेदर के प्रमुख मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में अगले चार-पांच दिनों तक हवाओं का रुख पूरब से रहेगा।
अरब सागर से भी हवाएं आएंगी। इस कारण यहां पर वातावरण में नमी रहेगी। बादल आते-जाते रहेंगे और बारिश का मौसम बना रहेगा।
एक जून तक हल्की से मध्यम बारिश होगी। बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बौछारें गिर सकती हैं। तेज हवाएं चलने और बादलों की गर्जना की संभावना है। दो जून तक गर्मी का प्रकोप नहीं दिखेगा।