नोएडा: एमबीबीएस में एडमिशन दिलाने के नाम पर हुई ठगी, करोडों रुपए की ठगी की आशंका

Ten News Network

नोएडा के सेक्टर-62 स्थित आईथटम टावर में ऑफिस खोलकर सरकारी कॉलेज में एमबीबीएस के कोर्स में दाखिला दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। जालसाज ठगी करने के बाद ऑफिस बंद कर फरार हो गए। साथ ही आरोपियों ने अपने फोन भी बंद कर लिए हैं।

पीड़ितों के मुताबिक, आरोपी खुद को केंद्रीय मंत्री का परिचित बताते थे। ये लोग उनके जाल में फंसे लोगों को दो सरकारी कॉलेज में डीन से मुलाकात कराई थी। ठगी का शिकार हुए करीब 6 पीड़ितों ने थाना सेक्टर-58 पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

 

पुलिस के मुताबिक, सरकारी कॉलेज में एमबीबीएस में एडमिशन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपियों ने सेक्टर-62 स्थित आईथम टावर में द गाइडेंस क्लब के नाम से ऑफिस खोला था। ठगी का शिकार हुए हरियाणा निवासी प्रदीप ने बताया कि उनके पास सेंट्रल पूल कोटा से एडमिशन दिलाने के नाम पर फोन आया था।

फोन करने वाले ने अपना ऑफिस सेक्टर-62 स्थित आईथम टावर में बताया था। यहां उनकी मुलाकात नवंबर में आदर्श, पंकज और धीरेंद्र से हुई थी। आरोपियों ने उन्हें बांदा और इलाहाबाद के सरकारी कॉलेज में एमबीबीएस में एडमिशन दिलाने का झांसा दिया था। आरोपियों ने 20 हजार काउंटर मनी भी ली थी।

25 से 50 लाख रुपये तक में एडमिशन दिलाने का सौदा
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने 25 लाख से लेकर 50 लाख रुपये तक में एडमिशन दिलाने का सौदा किया था। प्रत्येक क्लाइंट से आरोपियों ने 5 से लेकर 10 लाख रुपये बतौर एडवांस लिए थे। पुलिस को आशंका है कि काफी संख्या में स्टूडेंट्स के साथ फ्रॉड हुआ है। जांच जैसे जैसे आगे बढ़ेगी मामले सामने आएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.