नोएडा पुलिस के हत्थे चढ़े दो नटवरलाल, खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच का बताकर लगाते थे चुना, पढ़ें पूरी खबर
Ten News Network
नोएडा पुलिस ने दो नटवरलाल को गिरफ्तार किया है| यह दोनों दिल्ली क्राईम ब्रांच के अफसर और पत्रकार बनकर लोगों को चेकिंग के नाम पर चूना लगाने का काम कर रहे थे। पकड़े गए आरोपी मोहम्मद है जो कि महरौली दिल्ली का रहने वाला है और दूसरा आरोपी नीरज चौबे जो कि चोलापुर, वाराणसी का रहने वाला है| दोनों को लेबर चौक सेक्टर 58 से गिरफ्तार किया है।
फर्जी आईडी कार्ड दिखा और धमकाकर लगाते थे चुना
आरोप है कि दोनों आरोपी महामाया फ्लाईओवर के पास गुजर रहे लोगों को रोककर अपने आप को दिल्ली क्राइम ब्रांच से बता कर गाड़ियों के कागज चेक करते थे और उन में कमियां दिखाकर जेल भेजने की धमकी देते थे तथा उनसे उगाही करते थे। दोनों आरोपियों ने विनोद नामक व्यक्ति के साथ भी यही किया। पहले तो उनकी गाड़ी को रुकवाया, उसके बाद कागज चेकिंग के नाम पर पहले तो कमियां निकाली और फिर उसके बाद जेल भेजने की धमकी दी और 15000 रुपए की वसूली करने लगे। जिसके बाद दोनों आरोपियों ने विनोद से 4500 रुपए लिए और उन्हें छोड़ दिया।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी दिल्ली क्राइम एंड भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा के पाठक हैं जो कि उसका आईकार्ड अपने साथ रखते थे। आईकार्ड दूर से दिखने में पुलिस के आई कार्ड जैसा दिखता है। जिस पर बडे अक्षरो में दिल्ली क्राइम तथा प्रेस लिखा है, जिससे लोग भ्रमित हो जाते है कि ये पुलिस वाले ही है। अगर कोई पुलिस वाला इन आरोपियों को मिल भी जाता था तो वह उन्हें अपने आप को पत्रकार बता देते थे। दोनों नटवरलाल के पसंदीदा टारगेट बिना हेलमेट तथा बिना मास्क वाहन सवार लोग होते थे। जिनको वह रोककर उनका फोटो खीचकर जेल भेजने की धमकी देकर जुर्माने के नाम पर अवैध वसूली करते थे।