Big News : नोएडा का सेक्टर 50 मैट्रो स्टेशन ट्रांसजेंडर्स के लिए होगा समर्पित, तैयारियां शुरू

Abhishek Sharma

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्वा लाइन स्थित सेक्टर-50 मेट्रो स्टेशन ट्रांसजेंडर को समर्पित किया जाएगा। इस स्टेशन पर इस समुदाय को विशेष सुविधाएं दी जाएंगी। रोजगार के अवसर दिए जाएंगे। इसका उद्देश्य समाज में ट्रांसजेंडर की भूमिका को बढ़ावा देना है।

अधिकारियों का दावा है कि इस समुदाय के लिए उत्तर भारत में किसी भी मेट्रो सिस्टम द्वारा शुरू की गई यह अपनी तरह की पहली पहल है। अभी तक इस स्टेशन को पिंक स्टेशन घोषित किया गया था लेकिन अब इसमें बदलाव कर इसे पर ट्रांसजेंडर समुदाय को समर्पित किया जाएगा।

सेक्टर-50 स्टेशन को अभी एनएमआरसी ने खासतौर से महिलाओं के लिए पिंक स्टेशन बनाया हुआ है। इसका शुभारंभ 8 मार्च 2020 को किया गया था। यहां पर महिलाओं के लिए स्तनपान से लेकर, मैकअप रूम आदि की सुविधाएं हैं।

यहां पर काफी संख्या में महिला कर्मचारी भी कार्यरत हैं। अब इस स्टेशन को एनएमआरसी ने ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए विशेष रूप से बनाने का निर्णय लिया है। इसकी शुरुआत जल्द कर दी जाएगी।

एनएमआरसी की प्रबंध निदेशक रितु माहेश्वरी ने बताया कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार भारत में 4.90 लाख ट्रांसजेंडर हैं। इनमें से 30 से 35 हजार एनसीआर क्षेत्र में रहते हैं।

रितु माहेश्वरी ने आगे बताया कि यह ट्रांसजेंडर स्टेशन भी पिंक स्टेशन की तर्ज पर होगा। इसी तर्ज पर सेक्टर-50 स्टेशन ट्रांसजेंडर समुदाय को समर्पित होगा। हालांकि, यह सभी प्रकार के यात्रियों के लिए खुला रहेगा।

इस स्टेशन पर बने शौचालयों के स्ट्रक्चर में बदलाव किया जाएगा। इसके अलावा ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए अलग सुरक्षा जांच पर विचार किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.