नोएडा: ब्लैक फंगस के इंजेक्शन की कालाबाजारी कर रहे दो आरोपी गिरफ्तार
Ten News Network
Noida: नोएडा पुलिस जनपद में कालाबाज़ारी करने वाले लोगो पर लगातार शिकंजा कसती जा रही है| हर दूसरे दिन कोई न कोई कालाबाज़ारी करने वाला अपराधी नोएडा पुलिस की गिरफ्त में आ रहा है| इसी क्रम में रविवार को नोएडा पुलिस ने ब्लैक फंगस की बीमारी मे काम आने वाले इंजेक्शन की काला बाजारी करने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों का नाम अनुराग कुमार पुत्र महावीर सिंह जाटव, अंकित भट्ट पुत्र सुरेश चन्द भट्ट है। पुलिस ने आरोपियों को फोर्टिस अस्पताल के पास सेक्टर-62 नोएडा से गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से 02 इंजेक्शन AMPHOTERICIN (ब्लैक फंगस की बीमारी में काम आने वाली दवा) बरामद हुये है।
मुँह मांगी कीमत पर बेचते थे ज़रूरी दवाएं
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक आरोपी ब्लैक फंगस और कोविड-19 के उपचार में काम आने वाले अति आवश्यक इंजेक्शनो रेमडेसीवर व AMPHOTERICIN B Imulision 50 Mg / 10 ML को मंहगे दामों में अस्पतालो के आसपास बीमार व्यक्तियो के परिजनो से सम्पर्क करके उन्हे बेच देते थे। पहले सैम्पल के तौर पर एक या दो इंजेक्शन दिखाते थे और दे देते थे।
बाद में सौदा होने पर सारे इंजेक्शन मुँह मांगी कीमत पर बीमार व्यक्तियो के परिजनो को बेच देते थे। रविवार को भी दोनों आरोपी इंजेक्शन का सैम्पल लेकर फोर्टिस अस्पताल के पास आये थे। यह इंजेक्शन ब्लैक फंगस बीमारी से ग्रस्त मरीजो के परिवारीजनो के अस्पताल के आस पास सैम्पल दिखाकर मुंह मांगी कीमत पर बेचते थे।
बीमारी से ग्रस्त पीड़ित के परिवार के सदस्य इंजेक्शनो को मुंह मांगी कीमत पर खरीदते थे, ये सारे इंजेक्शन अनुराग जो कि अपोलो फार्मेसी में सुपरवाईजर के पद पर काम करता है वो अपनी जान पहचान की फार्मेसियो से तथा अन्य माध्यम से कम कीमत पर खरीद कर लाता था तथा ये लोग इंजेक्शनो को अलग अलग जगहो पर अस्पतालो के आस पास सौदा कर इन इंजेक्शनो को ब्लैक में बेच देते, जो भी बचत होती थी उन्हे आपस में बांट लेते थे। बरामद उक्त इंजेक्शन की मार्केट वेल्यू 2000/- से 3500/- रूपये तक की है, लेकिन इनके द्वारा 15,000/- से 20,000/- रूपये में बेचकर काला बाजारी की जा रही थी।