ग्रेटर नॉएडा में फिशिंग कैट को तेंदुआ समझ कर लोगो में फैली दहशत
Abhishek Sharma
Greater Noida (18/01/19) : ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसायटी के पास बुधवार देर रात को तेंदुए जैसा दिखाई पड़ा जानवर फिशिंग कैट थी। सूचना पाकर गुरुवार सुबह मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने उसके पंजों के निशान देखते हुए इसकी पुष्टि की। बुधवार रात सोशल मीडिया पर वायरल हुए तेंदुए जैसी दिखने वाली इस फिशिंग कैट के फोटो से आसपास की सोसायटियों में रहने वाले लोगों में दहशत हो गई थी।
कुछ लोगों का कहना है कि हाल ही में सूरजपुर वेटलैंड के करीब 10 एकड़ जंगल में आग लग गई थी। जहां रहने वाले जानवर अपनी जान बचाने के लिए आबादी की तरफ पलायन कर आए हैं।
वन विभाग अधिकारी पीके श्रीवास्तव ने बताया कि गुरुवार सुबह एक बार फिर से वो खुद टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान एक दो स्थानों पर रेत पर बने जानवर के पंजे दिखाई पड़े। जिनके आधार पर जानवर की पहचान की तो पता चला कि वह फिशिंग कैट थी।
करीब एक महीने पहले ग्रेटर नोएडा स्थित ली ग्रैंड होटल के पीछे के जंगल में भी एक फिशिंग कैट देखि गई थी। होटल के कमरे की बालकनी से एक पर्यटक ने उसे देखा था और उसकी फोटो खींच ली थी। जिसके बाद यह अफवाह उडी थी कि फोटो में दिखाई पड़ने वाला जानवर शेर है। हालंकि वन विभाग की टीम ने जांच पड़ताल करके बताया था कि वह जानवर शेर नहीं बल्कि फिशिंग कैट है।