नोएडा : कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति मिलने पर सेक्टर 45 सील, लागू हुईं ये पाबंदी
Abhishek Sharma
कोरोना वायरस महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए देशभर में लॉक डाउन लागू है। देश में कुल मरीजों का आंकड़ा 25,000 के पार पहुंच चुका है। वही उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में भी कोरोना का आंकड़ा बढ़ रहा है।
आज शनिवार को नोएडा के सेक्टर 45 में एक कोरोना पॉजिटिव मामला सामने आया है। जिसके बाद सेक्टर को पूरी तरह सील कर दिया है। यहां पर अगले आदेश तक लोगों की आवाजाही पर पाबंदी रहेगी।

सिटी मजिस्ट्रेट उमाशंकर ने पूरे सेक्टर को सील करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि नोएडा के सेक्टर 45 स्थित एस.डी 77 मकान नंबर में एक व्यक्ति कोरोना से संक्रमित पाया गया है। इसकी सूचना अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा दी गई है।
जिसके फलस्वरूप जिला प्रशासन की तरफ से पूरे सेक्टर को सील करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से पूरे सेक्टर को सैनिटाइज करने की व्यवस्था की जा रही है।
सिटी मजिस्ट्रेट उमाशंकर का कहना है कि कोरोना संक्रमित व्यक्ति मिलने के बाद यहां पर पाबंदियां लगा दी गई हैं। यहां पर आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति सुचारू रूप से चलती रहेगी।
उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में पूर्व में जारी हुए पासों को अभी से रद्द माना जाएगा और आदेशों का उल्लंघन करने वाले लोगों पर आपदा अधिनियम की धारा के तहत कड़ी कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।