गौतमबुद्ध नगर में शुरू नहीं हुई स्टेशनरी की सुविधा, प्रज्ञान एवं ग्रेड्स स्कूल में चल रही है ऑनलाइन क्लासेज
Abhishek Sharma
चीन के वुहान शहर से शुरू हुए कोरोना वायरस ने आज पूरे विश्व को अपनी चपेट में ले लिया है। भारत में भी इसके मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। जिसके चलते पूरा देश एक बार फिर से 3 मई तक लॉक डाउन पर है। केवल आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति फिलहाल चालू है। इसके अलावा सभी प्रकार की गतिविधियों पर रोक है। लॉक डाउन के चलते हर वर्ग को इसका नुकसान उठाना पड़ रहा है।
वहीं अगर स्कूली बच्चों की बात करें तो उनकी पढ़ाई का भी काफी नुकसान हो रहा है, लेकिन इससे बचने के लिए कई स्कूलों ने ऑनलाइन क्लासेस शुरू की हैं। जिसके माध्यम से बच्चों का कोर्स पूरा कराया जा रहा है।
गौतम बुद्ध नगर की बात करें तो यह एजुकेशन हब है। यहां सैकड़ों की संख्या में स्कूल हैं। लाॅक डाउन के चलते सभी स्कूल बंद हैं। जिसके बाद से यहां के कई स्कूलों ने ऑनलाइन क्लासेस की सेवा शुरू की है हालांकि इसमें भी बच्चों के पास नए कोर्स की कॉपी, किताब ना होने के चलते उन्हें भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आज से जिले में लाॅकडाउन में कुछ छूट देने की बात चल रही थी लेकिन वर्तमान स्थिति को देखते हुए ऐसा नहीं हो सका।
ग्रेटर नोएडा के गामा वन स्थित प्रज्ञान स्कूल की प्रिंसिपल रुचिका शर्मा ने टेन न्यूज़ से बात करते हुए बताया कि फिलहाल इस प्रकार का कोई आर्डर नहीं आया है कि बच्चों के स्टेशनरी का सामान उनके घरों तक पहुंचाया जा सके। हालांकि इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन बच्चों का कोर्स पूरा कराने का हर संभव प्रयास कर रहा है। यहां 64 टीचर मिलकर बच्चों को ऑनलाइन क्लासेज दे रहे हैं। अच्छी बात यह है कि बच्चे भी ऑनलाइन क्लासेज में रुचि दिखा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि स्कूल प्रबंधन पब्लिशर्स से कोर्स की पीडीएफ फाइल लेकर बच्चों तक पहुंचा रहे हैं। जिसके जरिए उन्हें भी काफी सहूलियत मिल रही है। उन्होंने बताया कि बच्चों को फिजिकल एजुकेशन भी ऑनलाइन क्लासेज के माध्यम से दी जा रही है।
प्रधानाचार्य रुचिका शर्मा का कहना है कि अगर शासन या जिला प्रशासन की तरफ से स्टेशनरी का सामान बच्चों के घरों तक पहुंचाने का आदेश आ जाए तो निश्चित ही लाॅकडाउन का बच्चों की पढ़ाई पर अधिक प्रभाव नहीं पड़ेगा।
वही ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ईटा 2 स्थित ग्रेड्स इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्य अदिति बसु रॉय ने बताया कि स्कूल बंद होने से बच्चों की पढ़ाई पर इसका प्रभाव पड़ रहा है लेकिन ऑनलाइन क्लासेज के माध्यम से हमने यह समस्या खत्म कर दी है।
उन्होंने बताया कि ग्रेडस स्कूल के द्वारा चलाई जा रही ऑनलाइन क्लासेज का फायदा न केवल उनके स्कूल के बच्चे ले रहे हैं बल्कि 4-5 अन्य स्कूलों के करीब 10 बच्चे भी ऑनलाइन क्लास ज्वाइन कर रहे हैं और उसका फायदा ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि फिलहाल बच्चों के पास किताबें नहीं हैं लेकिन हमने सभी छात्र छात्राओं के अभिभावकों से कहा है कि अगर आसपास से कोर्स की किताबों का जुगाड़ हो जाए तो और बेहतर है। जिसके माध्यम से उनका कोर्स पूरा कराया जा सकता है।
प्रधानाचार्य अदिति बसु राॅय ने बताया कि उनके स्कूल के शत-प्रतिशत शिक्षक बच्चों को ऑनलाइन क्लासेज प्रदान करने में जुटे हुए हैं। सुबह 8:30 से दोपहर 2:30 बजे तक ऑनलाइन क्लासेज दी जाती हैं। वहीं शाम को फिजिकल एजुकेशन की क्लास 5:00 से 5:40 तक चलती है। बच्चों को कोर्स से संबंधित पीडीएफ फाइल भेजी जा रही है। वही शिक्षकों द्वारा पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए भी बच्चों को पढ़ाया जा रहा है।