सूरजपुर पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर का किया भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार

ABHISHEK SHARMA

ग्रेटर नोएडा  : सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने गाजियाबाद के सेवा नगर में दबिश देकर फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस गिरोह सरगना सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को कॉल कर लिमिट बढ़ाने व प्वाइंट दिलाने आदि का झांसा देकर ठग रहे थे। आरोपियों ने एक युवक को ठग कर दोबारा ओटीपी न बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी।

पुलिस ने कॉल सेंटर से 17 मोबाइल, 50 सिम कार्ड, एक लैपटॉप, एक सीपीयू समेत 11,020 रुपये बरामद किए हैं।  एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि नोएडा के सेक्टर-73 निवासी अभिषेक गौड़ ने बुधवार को सूरजपुर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अभिषेक का कहना था कि एक व्यक्ति ने उसके मोबाइल पर कॉल की और क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर उससे ओटीपी पूछकर 9999 रुपये निकाल लिए।

इसके बाद अभिषेक ने आरोपी को कॉल कर रुपये निकालने पर पुलिस से शिकायत की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने रुपये भेजने का झांसा देकर दोबारा ओटीपी पूछा और दस हजार रुपये निकाल लिए।  अभिषेक ने बताया कि आरोपी उसे कॉल कर तीसरी बार ओटीपी पूछने लगा और इंकार करने पर आरोपियों ने उसे जान मारने की धमकी दी। मामले में सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने आरोपियों का पता लगाकर शास्त्री नगर गाजियाबाद निवासी गिरोह सरगना अजय को सूरजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।  अजय की निशानदेही पर पुलिस ने गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र के सेवानगर स्थित एक बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर दबिश दी। यहां से पुलिस ने पटेल नगर के रोहित यादव, पंचवटी के अभय सिंह, नीलमणि कॉलोनी के इरशाद और खोड़ा कॉलोनी के किशोर कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.