ताजमहल में बम की सूचना निकली अफवाह, अब स्थिति पूरी तरह सामान्य
Ten News Network
Agra: आज की सुबह आगरा वासियों के लिए खौफ का साया लेकर आई। दरअसल ताजमहल में आज सुबह बम होने की सूचना मिली, जिससे पूरे शहर में अफरा-तफरी का माहौल हो गया, लेकिन अब ताजमहल में स्थिति सामान्य हो गई है।
अब दोबारा पर्यटकों की एंट्री शुरू हो चुकी है। इससे पहले आज ताजमहल को अचानक बंद कर दिया गया था। ताजमहल के अंदर विस्फोटक रखने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद सीआईएसएफ और यूपी पुलिस के जवानों ने ताजमहल में मौजूद पर्यटकों को आनन-फानन में बाहर निकाला और फौरन ताजमहल के दोनों दरवाजों को बंद कर दिया।
किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर वहां विस्फोटक रखने की सूचना दी थी। फिलहाल पुलिस फोन कॉल की जांच कर रही है।
विश्व धरोहर में विस्फोटक की सचूना से वहां हड़कंप मच गया था। आगरा जोन के आईजी ए सतीश गणेश ने बताया है कि वहां कोई बम नहीं मिला। अधिकारी के मुताबिक, पूरे ताजमहल परिसर को चेक कर लिया गया है और इसे पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। बम की सूचना पर सभी पर्यटकों को बाहर निकाला जा चुका था।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने कहा कि आज किसी ने सूचना दी कि ताजमहल के पास बम रखा है, जो कुछ देर बाद ब्लास्ट हो जायेगा, आगरा पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुये सीओ सदर की अगुवाई में टीम के साथ ताजमहल परिसर में चेकिंग अभियान चलाकर तलाशी ली गई।
आगरा के आईजी ने कहा कि बम की खबर झूठी निकली है, लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है. फिरोजाबाद से एक सिरफिरे ने फोन करके बम की झूठी सूचना दी थी, आरोपी पकड़ा गया है और पूछताछ जारी है।