एक वर्षीय बच्चे को बन्दूक की नोक पर रखकर डाली डकैती
ABHISHEK SHARMA
Greater Noida : दनकौर कोतवाली क्षेत्र के मुंहफाड़ गांव के पास बाग में रहने वाले एक व्यक्ति के एक वर्षीय मासूम को हथियार के बल पर बंधक बनाकर नकाबपोश बदमाशों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने परिवार के दो सदस्यों को पीटकर घायल कर दिया।
बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने दनकौर कोतवाली में मामले की तहरीर दी है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिलासपुर के फतेहखानी मोहल्ला निवासी मुमत्याज अपने परिवार के सदस्यों के साथ मुंहफाड़ गांव के पास स्थित एक बाग में रहते हैं।
पुलिस ने बताया कि बुधवार रात सात नकाबपोश बदमाश बाग में बने मकान में घुस गए। उस समय पीड़ित व उसके परिवार के सदस्य सो रहे थे। बदमाशों ने पीड़ित परिवार के एक वर्षीय मासूम को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया।
इस बीच जब मुमत्याज व उसके भाई सोनू ने बदमाशों का विरोध किया तो दोनों को पीटकर घायल कर दिया। बदमाश घर से लाखों रुपये के सोने चांदी के जेवरात व सात हजार रुपये लूटने के बाद तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पीड़ित मुमत्याज ने डायल 112 पर पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और घायल दोनों भाइयों को बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने सात अज्ञात नकाबपोश बदमाशों के खिलाफ दनकौर कोतवाली में तहरीर दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।