ग्रेटर नोएडा के टोल प्लाजा पर बढ़ी मारपीट की घटनाएं, ताज़ा मामला ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे का
Ten News Network
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा में एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर होने वाली वारदातों में पिछले कुछ दिनों से वृद्धि देखने को मिली है। बीती रात भी ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर दबंगों ने टोल प्लाजा एक कर्मचारी के साथ मारपीट की है। दबंगों का टोल बूथ में घुसकर कर्मचारियों के साथ बुरी तरह मारपीट करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। घटना ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में स्थित बील अकबरपुर गांव की बताई जा रही है।
वीडियो में साफ दिखता है कि कुछ दबंग टोल बूथ के कर्मचारी के साथ मारपीट कर रहे हैं। कोई डंडा तो कोई बेल्ट लेकर टोल कर्मचारी के साथ मारपीट कर रहे है। पीड़ित टोल बूथ कर्मचारी किसी तरीके से अपनी जान बचाने की कोशिश कर रहा है। हालाँकि अभी तक इस मामले में पुलिस की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई है।
कुछ दिन पहले भी इसी तरह की घटना में यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर किसानों द्वारा टोल प्लाजा कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। इस तरह की घटनाएं एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़ा कर रही है।