केजरीवाल सरकार का फैसला , दिल्ली में एंबुलेंस के रूप में दौड़ेंगी ओला की 110 और उबर की 91 टैक्सियां
Rohit Sharma
नई दिल्ली :– दिल्ली सरकार ने कोरोना वायरस की महामारी की वजह से एंबुलेंस सेवा पर पड़ रहे दबाव को कम करने के लिए ओला और उबर से 200 टैक्सियों को किराए पर लेने का फैसला किया है ।
दिल्ली सरकार के आदेश के मुताबिक कोरोना के कम गंभीर मरीजों को घर से अस्पताल और अस्पताल से घर पहुंचाने के लिए ओला की 110 और उबर की 91 टैक्सियों को किराए पर लिया गया है ।
आदेश के मुताबिक इन टैक्सियों का इस्तेमाल एंबुलेंस की तरह किया जाएगा. साथ ही यह केंद्रीयकृत दुर्घटना एवं ट्रॉमा सेवा (कैट्स) के निदेशक के अधीन होंगी ।
आपको बता दें कि दिल्ली में मृतकों की संख्या बढ़कर 261 हो चुकी है. स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के अंदर दिल्ली के कई अस्पतालों में भर्ती 273 लोग कोरोना संक्रमण से बाहर आ चुके हैं. दिल्ली में अब तक संक्रमण से बाहर आने वालों की संख्या 6540 हो गई है ।
फिलहाल दिल्ली में कुल 6617 एक्टिव केस हैं. बता दें कि कोरोना के मरीजों की इलाज के लिए कुछ बड़े अस्पतालों को नोडल बनाया गया है. इसके अलावा दिल्ली के सभी अस्पतालों में कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा है.

