प्लाज्मा थेरेपी से कोरोना का इलाज ढूंढे प्रदेश के डॉक्टर, सीएम योगी ने दिए निर्देश
Abhishek Sharma
Greater Noida (26/04/2020) : कोरोना वायरस के संक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए कमर कसकर तैयार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोर टीम (टीम-11) के साथ लगातार बैठक में समीक्षा करने के साथ ही आगे की योजना भी तैयार करते हैं।
रविवार को भी अपने सरकारी आवास पर करीब दो घंटा की बैठक में कोरोना वायरस के संघर्ष की रणनीति तय की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब कोरोना प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए प्लाज्मा थेरेपी को बढ़ाने पर विचार करना चाहिए, क्योंकि इसके अच्छे परिणाम मिले हैं। अस्पतालों में सभी आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोविड अस्पतालों में अनिवार्य रूप से सिर्फ कोविड संक्रमण का ही इलाज हो अब अन्य चिकित्सा गतिविधियां इन अस्पतालों में न की जाएं। अस्पतालों में मौजूद कोरोना से संबंधित तथा अन्य बायोमेडिकल वेस्ट का सुरक्षित डिस्पोजल सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कोरोना वायरस के उपचार में लगी डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिक्स तथा अन्य स्टाफ की टीम को हर हाल में मेडिकल इन्फेक्शन से बचाया जाए। कोरोना से जंग में मेडिकल टीम को सुरक्षित रखना अत्यन्त आवश्यक है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब पूल टेस्ट के माध्यम से अधिक लोगों की जांच करके कोरोना वायरस महामारी पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है। अत: पूल टेस्टिंग को बढ़ावा दिया जाए।