यूपी में 9 लाख मजदूरों व कामगारों को रोजगार देगी योगी सरकार, आज एमओयू होगा साइन
Abhishek Sharma
यूपी सरकार ने देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले 9 लाख कामगारों/श्रमिकों को रोजगार देने की बात कही है। लोकभवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार हर हाथ को काम मिले, इस नीति पर प्रदेश सरकार काम कर रही है।
इसी नीति के तहत इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन सहित अन्य औद्योगिक संस्थाओं के साथ शुक्रवार को एमओयू साइन किया जा रहा है। इससे 9 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने निवेशकों से अपील करते हुए कहा है कि उनके योगदान से प्रदेश में स्वदेशी वस्तुओं के उत्पादन को गति मिलेगी, साथ ही बहुत से लोगों को रोजगार भी प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। रेलवे अभियान का संभवत: इस माह समापन हो जाए। इसलिए जो भी श्रमिक और कामगार यूपी में वापसी करना चाहते हैं इस महीने तक वापसी कर लें।
मुख्यमंत्री ने स्वदेशी वस्तुओं के उत्पादन पर बल देते हुए निवेशकों को आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में स्वदेशी उत्पादन बढ़ने से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे, जिसका लाभ कामगारों और श्रमिकों को मिलेगा।