यादव सिंह मामले की सीबीआई जांच नहीं करेगी .

एक्सपो मार्ट में चल रहे बीसी इंडिया 2014 में पहुंचे प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने यादव सिंह प्रकरण की जांच सीबीआई से कराने से इंकार कर दिया है। जबकि ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के हार्टिकल्चर घोटाले के आरोपी अफसरों की बहाली की जांच कराने का निर्देश दिया है। वहीं, केंद्रीय रक्षा मंत्री मनोहर पारिकर भी एक स्टॉल का उद्घाटन करने पहुंचे।
एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में आयोजित बीसी इंडिया-2014 के दौरान बिल्डर्स असोसिएशन आफ इंडिया के सेमीनार में प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवपाल सिंह चीफ गेस्ट के तौर पर उपस्थित रहे। पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा कि यादव सिंह मामले की जांच प्रदेश सरकार करा रही है। अभी यह जांच जारी है। प्रदेश सरकार यादव सिंह मामले की जांच को लेकर संतुष्ट है और इस मामले में किसी और एजेंसी से जांच कराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार यादव सिंह मामले की जांच सीबीआई से नहीं कराएगी। सरकार की जांच रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आएगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, हार्टिकल्चर विभाग में 225 करोड़ रूपए के घोटाले के आरोप में सस्पेंड किए गए एसएम रमेश चंद्रा और एसएम उमेश चंद्रा सहित 3 अधिकारियों को कुछ माह पहले बहाल कर दिया गया है। जबकि घोटाले की जांच अभी जारी है। इस मामले की भी सरकार जांच कराएगी। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि अथॉरिटी ने किसके आदेश पर अधिकारियों को बहाल किए हैं। इसकी जांच कराई जाएगी और दोषी मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अथॉरिटी के नोटिफाइड एरिया में स्थित आबादी में नक्शा पास करने पर जिला पंचायत विभाग पर लगाई गई पांबदी मामले में भी सरकार विचार करेगी। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि नक्शा पास करने के मामले की जांच भी कराई जाएगी। जिसमें बायर्स के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित फैसला लिया जाएगा। वहीं, बिल्डर्स असोसिएशन आफ इंडिया के सेमीनार में बिल्डर्स और कंट्रैक्टर्स को गुणवत्ता युक्त कार्य करने का निर्देश दिया। जिन बिल्डर्स या कंट्रैक्टर्स की पेमेंट बकाया है, उनके बिलों का भुगतान 3 महीने के अंदर कर दिया जाएगा। सभी संबंधित अधकारियों को निर्देश दिया गया है कि यदि बिल का भुगतान करने में कोई अड़चन आ रही है और मीटिंग की आवश्यकता है, शीघ्र मीटिंग करके भुगतान को जारी करने का निर्देश दिया गया है। बीसी इंडिया 2014 के माडर्न मशीनरी की प्रदर्शनी लगाने वाली कंपनी एक्वेरियन के स्टाल का केंद्रीय रक्षामंत्री मनोहर पारिकर ने उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी की कंस्ट्रक्शन मशीनरी की सराहना करते हुए कहा कहा कि इन मशीनों के जरिये कंस्ट्रक्शन के फील्ड में काफी सहूलियत मिलेगी।

Comments are closed.