आज से मनाया जाएगा भू-जल सप्ताह

ग्रेटर नोएडा। जिलाधिकारी एवी राजामौली ने शासन के निर्देशों के अनुपालन में पूरे जनपद में 16 जुलाई से 22 जुलाई तक भूजल जागरूकता सप्ताह मनाए जाने के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों को लिखित निर्देश देते हुए उनका आहवान किया है कि सभी विभागीय अधिकारी इसकी महत्ता को समझते हुए अपने स्तर पर इसे बृहद स्तर पर मनाये और विभागीय अधिकारियों के माध्यम से ऐसे प्रयास किये कि जनपद की अधिक से अधिक जनता आने वाले समय में भूजल की समस्या के सम्बन्ध में विस्तार से जान सकें।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद के सभी स्कूल कालेजों में इस सम्बन्ध में वृहद स्तर पर गोष्ठियों का आयोजन किया जाए, जिससें कि सभी घरों में आवश्यकता के अनुरूप जल का प्रयोग हो सकें। उन्होंने भूजल को प्रदूषण से मुक्त रखने के लिए जिला प्रदूषण अधिकारी को भी निर्देशित किया है आयोजित होने वाले भूजल सप्ताह के दौरान उनके स्तर पर व्यापक कार्यवाही की जाए और जो व्यक्ति या संस्था भूजल को प्रदूषित कर रहे है, उनके विरूद्ध कठोरतम कार्यवाही तत्काल प्रभाव से अमल में लाई जाए। जिलाधिकारी ने भूजल सप्ताह मनाने के लिए जनपद के 18 विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए इस कार्यक्रम को समाज एवं जनहित में व्यापक स्तर पर संचालित करने के आदेश दिए है।
वहीं, गे्रटर नोएडा अथाॅरिटी भी भू-जल सप्ताह के अवसर पर सेक्टर के निवासियों को अवेयर करेगी। इसके लिए कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। आरडब्ल्यूए भी इसमें सहयोग करेंगे।

Comments are closed.