जेपी हॉस्पिटल में विश्व अंगदान दिवस पर विशाल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

जेपी हॉस्पिटल में विश्व अंगदान दिवस पर विशाल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
अनेकों अंगदानकर्ता कार्यक्रम में हुए शामिल, बताया- कैसे बचाया उन्होंने दूसरों का जीवन
नोएडा, 13 अगस्त 2016: नोएडा सेक्टर 128 स्थित मल्टी सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा संस्थान जेपी हॉस्पिटल द्वारा विश्व अंगदान दिवस पर एक विशाल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिल्ली-एन.सी.आर. सहित पूरे भारतवर्ष के लोगों को अंगदान करने के लिए प्रेरित करना था। खास बात यह है कि जेपी हॉस्पिटल में आयोजित इस प्रेरणात्मक सम्मेलन में उन तमाम लोगों ने महत्वपूर्ण सहभागिता निभाई जिन्होंने लिवर अथवा किडनी जैसे अंगों का दान कर दूसरों के जीवन की रक्षा की।
इस मौके पर जेपी हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक श्री सनी गौड़, निदेशक श्रीमति रेखा दीक्षित, मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अंग और ऊतक प्रत्यारोपण संगठन के निदेशक डॉ. विमल भंडारी, जेपी हॉस्पटिल के सी.ई.ओ. श्री मनोज लूथरा, लिवर ट्रांसप्लांट विभाग के वरिष्ठ सर्जन डॉ. अभिदीप चौधरी, डॉ. के.आर.वासुदेवन एवं किडनी ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. अमित देवड़ा, नेफ्रोलॉजी विभाग के डॉ. अनिल प्रसाद भट्ट और अंग दानकर्ताओं के साथ अनेकों लोग उपस्थित थे।
किसी व्यक्ति द्वारा जीवित अवस्था में किए गए अंगदान से कम से कम एक जरूरतमंद की जिंदगी बचाई जा सकती है वहीं ब्रेन डेड की अवस्था में दान किए अंगों से कई जरूरतमंदों को नया जीवन प्रदान किया जा सकता है। भारत में अंगदान के प्रति पर्याप्त जागरूकता नहीं होने के बावजूद ऐसे हजारों लोग हैं जो चाहते हैं कि उनके अंगदान से दूसरों को नया जीवन मिले। जेपी हॉस्पिटल में ऐसे ही अनेकों लोगों का विशेष पहचान पत्र बनाया गया ताकि भविष्य में जरूरतमंद लोगों को इसका सहज लाभ मिल सके।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अंग और ऊतक प्रत्यारोपण संगठन के निदेशक डॉ. विमल भंडारी ने कहा, “हाल ही में अंग प्रत्यारोपण चिकित्सा में जेपी हॉस्पिटल ने एक उल्लेखनीय कार्य किया है गाज़ियाबाद निवासी 74 वर्षीय पवन कुमार के ब्रेन डेड हो जाने पर उनके परिवार की इच्छानुसार मृतक पवन कुमार के अंगों से जेपी हॉस्पिटल ने तीन लोगों को जीवनदान दिया। पवन कुमार के लिवर एवं एक किडनी को जेपी हॉस्पिटल में दो जरूरतमंद लोगों को दान कर उनका जीवन बचाया गया तो ‘राष्ट्रीय अंग और ऊतक प्रत्यारोपण संगठन’ के नियमानुसार दूसरी किडनी को अन्य अस्पताल के मरीज को दान कर दिया गया।”
गौरतलब है कि अंग प्रत्यारोपण चिकित्सा में रिकार्ड सफलता के कारण देश भर में जेपी हॉस्पिटल की अपनी एक खास पहचान बन चुकी है। जेपी हॉस्पिटल के लिवर ट्रांसप्लांट विभाग ने अब तक 38 सफल लिवर प्रत्यारोपण कर मरीजों को नई जिंदगी प्रदान की है। किडनी प्रत्यारोपण की बात की जाए तो अब तक 48 लोगों ने किडनी दान कर अपने सगे-संबंधियों के जीवन की रक्षा की है। उन सभी दानकर्ताओं एवं उनके अभिभावकों को उनके इस महान कार्य के लिए जेपी हॉस्पिटल की तरफ से सम्मानित किया गया।
इस मौके पर जेपी हॉस्पिटल के लिवर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. अभिदीप चौधरी एवं डॉ. के.आर.वासुदेवन ने लिवर और यूरोलॉजी एवं गुर्दा प्रत्यारोपण विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अमित देवड़ा एवं नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. अनिल भट्ट ने लोगों को किडनी से जुड़ी बीमारी की भयावह स्थिति के साथ अंगदान का महत्व बताया।
डॉ. अभिदीप ने भारत सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों की जानकारी दी, “भारत में हर साल 30,000 मरीजों को लिवर की जरूरत होती है लेकिन करीब 1000 ट्रांसप्लांट ही हो रहे हैं। लिवर सिरोसिस होने का मुख्य कारण अल्कोहल है। भारत में 40% लोग सिरोसिस की वजह से लिवर की बीमारी के ग्रस्त हो रहे हैं। इसी तरह लिवर को बीमार बनाने के अनेक कारणों में दूसरा सबसे बड़ा कारण “हेपेटाइटिस-सी”का संक्रमित होना भी है जो उत्तर भारत के राज्यों में अधिक देखने को मिलता है। क्रोनिक लिवर बीमारी का तीसरा मुख्य कारण लिवर का फैटी होना है। एक आंकडे के अनुसार हर 6 में से 1 व्यक्ति फैटी लिवर से ग्रस्त है और इस आंकड़े में भी तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। अगर लापरवाही बरती गई तो यह बड़ी बीमारी का रूप ले लेती है। ऐसे में मरीजों के पास लिवर ट्रांसप्लांट कराने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचता है।”
जेपी हॉस्पिटल के यूरोलॉजी एवं गुर्दा प्रत्यारोपण विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अमित देवड़ा ने कहा, “भारत में करीब 2,00,000 लोगों की किडनी खराब होती है और केवल 5,000 मरीज ही अंगदानकर्ता मिल जाने के कारण गुर्दा प्रत्यारोपण कराकर अपना जीवन बचा पाते हैं। जब किडनी की बीमारी लाईलाज अवस्था में पहुंच जाती है तो मरीजों के पास सिर्फ ट्रांसप्लांट ही एक रास्ता बच जाता है।”
नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. अनिल भट्ट ने बताया, “ट्रांसप्लांट के लिए सबसे पहले परिवार के सदस्यों को अंगदानकर्ता के रूप में प्राथमिकता दी जाती है क्योंकि इससे एक जैसे ब्लड ग्रुप मिल जाते हैं और ट्रांसप्लांट प्रक्रिया सुगमता से पूरी हो जाती है, लेकिन अगर परिवार के अंदर एक जैसे ब्लड ग्रुप नहीं मिलता तो दूसरे विकल्प के रूप में दो परिवारों के बीच अंगदानकर्ताओं की अदला-बदली कर किडनी का प्रत्यारोपण किया जाता है। कभी-कभी मरीजों को अंगदानकर्ता तो मिल जाते हैं लेकिन उनका ब्लड ग्रुप नहीं मिलता तो ऐसे में दोनों के बीच लिवर या किडनी का प्रत्यारोपण “एबीओ इंकंपैटिबल ट्रांसप्लांटेशन पद्धति”से किया जाता है।”
लिवर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. के.आर. वासुदेवन के अनुसार, “अंगदानकर्ता अगर लिवर का दान करता है तो प्राकृतिक प्रक्रिया के अनुसार लिवर का आकार कुछ समय बाद अपने आप ही पुराने आकार एवं अवस्था में आ जाता है। प्रत्यारोपण से अंगदानकर्ता और मरीज की जीवनशैली में कोई बदलाव नहीं आता। केवल 7 से 10 दिनों में ही अंगदानकर्ता हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो जाता है। अंगदानकर्ता चाहे तो चिकित्सक द्वारा बताई गई कुछ सावधानियों को अपनाकर 6 हफ्ते बाद पुनः नौकरी या व्यवसाय पर जा सकता है।”
गौरतलब है कि पूरे उत्तर भारत में जेपी हॉस्पिटल एक ऐसा हॉस्पिटल है जहां विश्व के बड़े से बड़े अस्पतालों की तरह उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मरीजों को मुहैया कराई जाती है। हॉस्पिटल की संरचना बेहद विशाल है और उपयोग में लाए जाने वाले सभी नवीनतम उपकरण जेपी हॉस्पिटल में उपलब्ध हैं।
जेपी हॉस्पिटल के बारे में-
नोएडा स्थित जेपी हॉस्पिटल, जेपी ग्रुप की एक प्रमुख ईकाई है। यह हॉस्पिटल 25 एकड़ क्षेत्रफल में फैला हुआ है। हॉस्पिटल की योजना और डिज़ाइन 1200 बेड्स से युक्त टर्शरी केयर स्पेशलिटी सुविधा के रूप में तैयार की गई है। प्रथम चरण में 525 बेड्स के साथ इसकी सफल शुरुआत हो चुकी है।
जेपी हॉस्पिटल अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं, नैदानिक सेवाओं एवं आधुनिक तकनीकों से युक्त सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल है, जो आम जनता की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान करता है। हॉस्पिटल की योजना, डिज़ाइन एवं निर्माण कार्य इसे भारत के कुछ ही गोल्ड लीड प्रमाणित हॉस्पिटल इमारतों में शामिल करते हैं।
कम्पनी के बारे में अधिक जानकारी के लिए विजि़ट करें
http://www.jaypeehealthcare.com/