बिहार के समस्तीपुर में मिड डे मील खाने से 80 स्कूली बच्चे बीमार, खाने में मिली छिपकली
बिहार के समस्तीपुर में मिड डे मील खाने से 80 स्कूली बच्चे बीमार, खाने में मिली छिपकली
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के वारिसनगर प्रखंड के एक सरकारी स्कूल में बुधवार को मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) खाने के बाद करीब 80 बच्चे बीमार पड़ गए. सभी बच्चों को समस्तीपुर के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
पुलिस के अनुसार, मथुरापुर सहायक थाना क्षेत्र के अकबरपुर पितौड़िया गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के करीब 80 बच्चे मध्याह्न भोजन खाने के बाद बीमार पड़ गए. खाना खाने के बाद एक-एक कर करीब 80 बच्चों ने पेट में दर्द और उल्टी की शिकायत की.
मथुरापुर सहायक थाना के प्रभारी परमानंद ने बताया कि आनन-फानन में सभी बच्चों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों को छुट्टी दे दी गई. उन्होंने बताया कि स्कूली बच्चों और ग्रामीणों का आरोप है कि भोजन में मृत छिपकली का सिर था.
ग्रामीण भोजन बनाने वाले रसोइया पर कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे हैं. जिला शिक्षा पदाधिकारी ब्रजेश कुमार ओझा ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है.
एमडीएम खाने से 87 बच्चों के बीमार होने की सूचना पर सिविल सर्जन डॉ. अवध कुमार, अस्पताल उपाधीक्षक एएन शाही इंमरजेंसी वार्ड पहुंच कर बच्चों के स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने बच्चों के अभिभावकों से इलाज में परेशानी के बारे में पूछताछ की.
सिविल सर्जन ने डॉक्टर से बच्चों की स्थिति के बारे में पूछताछ की. सीएस ने बताया कि उपचार के बाद सभी बच्चे स्वस्थ्य हैं. अभी बच्चों को खानपान में सावधानी बरतने को कहा गया है.
Comments are closed.