कोरटेक कंपनी की संपत्ति कुर्क करने की मांग

Galgotias Ad

ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर उद्योग विहार में स्थित कोरटेक कंपनी के बंद होने से 600 से अधिक कर्मचारी भूखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। कर्मचारियों को श्रम विभाग द्वारा वेतन दिलाने के लिए कंपनी की संपत्ति को कुर्क करके नीलाम करने के लिए राजस्व विभाग को जिम्मेदारी सौंपी थी, जिस पर अभी तक कार्रवाई नहीं हो सकी है। लेबर लाॅ एडवाइजर ओमपाल सिंह ने बताया कि छह महीने पहले कोरटेक कंपनी प्रबंधन ने अचानक कंपनी को बंद कर दिया था। इस कंपनी 600 से अधिक कर्मचारी कार्यरत थे। कंपनी बंद होने के बाद कर्मचारी बेरोजगार हो गए हैं। वहीं, इस मामले श्रम विभाग ने कार्रवाई करते हुए कंपनी को सील कर दिया था और राजस्व विभाग को कंपनी की प्राॅपर्टी को कुर्क करके श्रमिकों के वेतन का भुगतान करने का निर्देश दिया था। उन्होंने बताया कि आदेश के 4 महीने बाद भी राजस्व विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है और कर्मचारी वेतन मिलने की उम्मीद लगाए बैठे थे। अधिकांश कर्मचारी अभी भी बेरोजगार बैठे हुए हैं, जो कर्ज लेकर परिवार का खर्च चला रहे हैं। कर्मचारियों के वेतन को दिलाने के लिए उन्होंने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है। गौरतलब है कि कंपनी पर श्रमिकों का करीब 10 लाख रुपए बकाया है। इसके अलावा क्षतिपूर्ति, बोनस, वीडीए का करीब 5 करोड़ 7 लाख और 61 लाख रुपए राजस्व विभाग की वसूली बकाया है। इस मामले में डीएम ने राजस्व विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

Comments are closed.