दिल्ली के तीनों निगमों में 113 कर्मचारी कोरोना से संक्रमित, छह की मौत, केजरीवाल से मदद की गुहार

Rohit Sharma

नई दिल्ली :– कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे दिल्ली के तीनों नगर निगम के कर्मचारी मैदान में डटे हुए हैं। यही कारण है कि तीनों नगर निगमों में 113 कर्मचारी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं और छह कर्मचारियों मौत हो गई है।

आपको बता दें कि सबसे अधिक कोरोना के मामले उत्तरी निगम में हैं। यहां 78 कर्मचारी संक्रमित हो चुके हैं और दो कर्मचारी दम तोड़ चुके हैं। इनमें एक शिक्षिका और एक कनिष्ठ अभियंता शामिल हैं।

इसके अलावा 90 से अधिक कर्मचारी होम क्वारंटीन हैं। दक्षिणी निगम में अभी तक 14 कर्मचारियों को कोरोना हो चुका है। यहां दो सफाई कर्मचारी की भी मौत हो चुकी है। पूर्वी निगम में अब तक सात कर्मचारियों को कोरोना हो चुका है। इसके अलावा दो कर्मचारियों की कोरोना से मौत भी हो चुकी है। इसमें दोनों ही सफाई कर्मचारी थे।

उत्तरी दिल्ली नगर निगम में संक्रमित कुल कर्मचारियों में 40 स्वास्थ्य कर्मी हैं। इसमें भी आधे कर्मचारी यानी 20 कर्मचारी अकेले केवल हिंदूराव अस्पताल के हैं। इसके अलावा 38 कर्मचारी फील्ड स्टाफ के हैं। इसमें सफाई कर्मचारी से लेकर निगम के शिक्षक भी शामिल हैं।

नगर निगमों में इस समय सफाई कर्मचारी से लेकर स्वास्थ्यकर्मी और शिक्षक भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसमें सफाई कर्मचारी जहां कंटेनमेंट जोन से लेकर बफर जोन में भी सफाई करने के काम संभाल रहे हैं।

वहीं, स्वास्थ्यकर्मी अस्पताल में मरीजों की देखभाल कर रहे हैं। इसके अलावा निगम के शिक्षकों को जरूरतमंदों को राशन बांटने के लिए वितरण केंद्रों पर तैनात किया गया है। यही वजह है कि निगम के यह तीनों वर्ग के कर्मचारी कोरोना से अछूते नहीं हैं।

उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर अवतार सिंह हमारे कर्मचारी अपनी सेवा देने का भरसक प्रयास कर रहे हैं। यही वजह है कि वह अधिक संक्रमित हैं। दिल्ली सरकार को हमारी मदद करनी चाहिए, जो भी हमारा पैसा बकाया है वह देना चाहिए, ताकि कर्मचारियों को समय पर वेतन दिया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.