UPDATE : गौतम बुद्ध नगर में कोरोना का कहर, 14 लोगों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव, 8 स्वास्थ्य कर्मी शामिल

Abhishek Sharma

Noida (27/04/2020) : गौतम बुद्ध नगर जिले में कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। यहां दिन प्रतिदिन मरीज बढ़ रहे हैं। हालांकि जिले में कोरोना से संक्रमित मरीज स्वस्थ होकर घर भी जा रहे हैं।

आज नोएडा में कोरोना से संक्रमित 8 स्वास्थ्य कर्मियों की पुष्टि हुई है। इनमें से 6 लोग नोएडा के चाइल्ड पीजीआई में कार्यरत थे। 8 स्वास्थ्य कर्मियों समेत आज जिले में कुल 14 कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। जिले में अब कोरोना से संक्रमित कुल 129 लोगों की पुष्टि हो चुके हैं।

जिला सूचना अधिकारी राकेश चौहान ने बताया कि ग्रेटर नोएडा स्थित रबूपुरा के जाॅनचाना गांव में एक बच्चे की मौत हो गई लेकिन यह कोरोना से संक्रमित नहीं था। वहीं बच्चे के माता-पिता की भी कोरोना जांच की गई, जिसमें पिता कोरोना पॉजिटिव मिला है।

वहीं दूसरी ओर नोएडा के जिला अस्पताल में लेबर रूम की एक आया कोरोना से संक्रमित हो गई है। उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट आते ही जिला अस्पताल में हड़कंप मच गया है। वहीं एक अन्य स्वास्थ्य कर्मी नोएडा के सेक्टर 24 स्थित ईएसआई अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।

जिस महिला कर्मचारी को कोरोना संक्रमित पाया गया है, उस वार्ड के तमाम नवजात बच्चों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा है। यह महिला नोएडा के निठारी गांव में रहती है उसके संपर्क में आए हुए लोगों की डिटेल निकाली जा रही है। सबको क्वॉरेंटाइन किया जाएगा। वहीं अस्पताल में लोगों की आवाजाही पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। अस्पताल को सील कर दिया गया है। अस्पताल के अंदर सेनिटाइजेशन का काम किया जा रहा है।

वहीं नोएडा स्थित चाइल्ड पीजीआई में आज 6 लोगों के स्टाफ में कोरोना पुष्टि हुई है। इनमें से चार नर्स, एक वार्ड अटेंडेंट और एक कैंटीन कर्मचारी बताया जा रहा है। अस्पताल को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूरे अस्पताल को सैनिटाइज किया जाएगा।

सूचना अधिकारी राकेश चौहान ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 186 लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया जिसमें से 14 लोग को रोना पॉजिटिव पाए गए हैं वहीं 172 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा कुलेसरा ग्रेटर नोएडा, जॉनचाना ग्रेटर नोएडा, गांव निठारी नोएडा सेक्टर पाई-1 ग्रेटर नोएडा, चोटपुर सेक्टर 63 नोएडा, गांव चौड़ा नोएडा मैं एक-एक कोरोना संक्रमित मरीज की पुष्टि हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.