नोएडा एयरपोर्ट में आने वाले 14 तालाबों की जगह बनाए जाएंगे 15 तालाब
ABHISHEK SHARMA
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा स्थित जेवर में बनने वाले नोएडा ग्रीनफ़ील्ड इंटरनैशनल एयरपोर्ट के एरिया में आ रहे तालाबों को दूसरी जगह बनाने का काम प्रशासन ने शुरू करा दिया है। एयरपोर्ट एरिया के जिस गांव की जमीन पर तालाब बना हुआ है उससे दो गुनी जमीन पर दूसरी जगह तालाब बनाया जाएगा।
तालाब की खुदाई से लेकर अन्य सभी काम नियाल को सौंपे गए हैं। जमीन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की है। प्रशासन ने दो गुनी जमीन दूसरे गांवों में तालाब बनाने के लिए आवंटित कर दी है। इस इंटरनैशनल एयरपोर्ट के लिए पहले चरण में रोही, पारोही, बनवारीबास, किशोरपुर, रन्हेरा और दयानतपुर की 1334 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण की जा रही है।
प्रशासन अभी तक करीब 80 प्रतिशत जमीन का अधिग्रहण कर नियाल को पजेशन सौंप चुका है। एयरपोर्ट के लिए रिजर्व जमीन पर राजस्व अभिलेखों में 14 तालाब दर्ज हैं। इनकी जगह 15 तालाब बनाने का फैसला लिया गया है।
रोही, पारोही, बनवारीबास, किशोरपुर, रनहेरा और दयानतपुर में 3.851 हेक्टेयर जमीन पर ये तालाब हैं। प्रभारी अधिकारी अभय कुमार सिंह ने बताया कि इन तालाबों को आकलपुर, फलैदा बांगर, तकीपुर बांगर में बनाया जाएगा। इनके लिए इन गांवों में 6.3370 हेक्टेयर जमीन चिह्नित कर दी गई है।
